अमेरिका में पानी का छोटा लीकेज ठीक कराने में लगे 21 हजार रुपये, भारतीय महिला का वीडियो वायरल
USA Home Repair Cost : अमेरिका में रहने वाली भारतीय महिला ने घर में छोटे पानी के लीकेज को ठीक कराने में लगे 250 डॉलर का खर्च साझा किया, जिसके बाद लोग भारत और अमेरिका के खर्च की तुलना करने लगे।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Water Leakage Repair Cost in USA : अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय महिला का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला ने बताया कि घर में एक छोटे से पानी के लीकेज को ठीक कराने के लिए उन्हें 250 डॉलर यानी करीब 21 से 23 हजार रुपये खर्च करने पड़े।
इस खर्च को सुनकर भारत के लोग हैरान रह गए। महिला का कहना है कि अमेरिका में छोटी-छोटी मरम्मत भी काफी महंगी पड़ती है क्योंकि वहां मजदूरी की लागत बहुत ज्यादा होती है। सोशल मीडिया पर लोग अब भारत और अमेरिका में जीवनयापन के खर्च की तुलना कर रहे हैं।
अमेरिका में छोटी-छोटी मरम्मत भी काफी महंगी
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर अमृता सिंह नाम की महिला ने शेयर किया है। उन्होंने बताया कि अमेरिका में अगर घर में कोई छोटी समस्या भी आ जाए तो उसे ठीक कराने में सैकड़ों डॉलर खर्च हो जाते हैं।
वीडियो में उन्होंने कहा कि भारत में यही काम शायद 500 से 1000 रुपये में हो जाता, लेकिन अमेरिका में इसके लिए 250 डॉलर देने पड़े। वीडियो पर टेक्स्ट लिखा था, “एक छोटा सा लीक और 21 हजार रुपये का रियलिटी चेक।” अमृता की इस पोस्ट को लाखों लोग देख चुके हैं और लोग इस पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
ये खबर भी पढ़ें : चलती ट्रेन के टॉयलेट से निकलने लगी चिंगारी, वायरल वीडियो देखकर लोग रह गए दंग
लोगों ने मजाकिया अंदाज में भारत लौटने की सलाह दी
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने कहा कि अमेरिका में कमाई भी उसी हिसाब से होती है, इसलिए वहां ऐसे खर्च सामान्य माने जाते हैं। कुछ लोगों ने लिखा कि वहां सॉफ्टवेयर इंजीनियर कुछ घंटों में ही इतनी रकम कमा लेते हैं।
वहीं कुछ यूजर्स ने कहा कि विदेश में रहने वालों को छोटे-मोटे काम खुद करना सीखना पड़ता है, वरना हर मरम्मत पर भारी खर्च उठाना पड़ सकता है। हालांकि कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में भारत लौट आने की सलाह भी दे डाली। वायरल वीडियो ने विदेश में रहने वाले भारतीयों की जिंदगी और वहां के खर्चों को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।
