

Toddler Viral Rescue Video : लंदन में एक भारतीय युवक की बहादुरी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। मामला इलफोर्ड इलाके का है, जहां एक तीन साल की बच्ची एक फ्लैट की खिड़की के बाहर बनी संकरी मुंडेर पर फंस गई थी। बच्ची कई फीट ऊंचाई पर लटकी हुई थी और खुद को संभालने की कोशिश कर रही थी।
नीचे खड़े लोग डर के मारे चीख रहे थे और मदद के लिए पुकार रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी भी बच्ची तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं पा रहा था। तभी पास में रहने वाले भारतीय मूल के युवक Mohamed Jesil ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर मदद का फैसला किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद जेसिल एक रेस्तरां मैनेजर हैं और पांच महीने के जुड़वा बच्चों के पिता भी हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्होंने बच्ची को खतरे में देखा, वह तुरंत घर से बाहर दौड़ पड़े। जेसिल और पुलिसकर्मी बच्ची के ठीक नीचे खड़े हो गए।
तभी बच्ची की पकड़ छूट गई और वह नीचे गिरने लगी। जेसिल ने शानदार फुर्ती दिखाते हुए उसे हवा में ही पकड़ लिया, जबकि पुलिसकर्मी ने उन्हें संभालने में मदद की। बच्ची सुरक्षित बच गई और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद लोगों ने तालियां बजाकर दोनों की सराहना की।
जेसिल ने बाद में बताया कि उन्होंने भारत में काफी क्रिकेट खेला है और शायद इसी वजह से उनकी कैच पकड़ने की क्षमता इस मुश्किल समय में काम आई। उन्होंने कहा कि उस समय उनके मन में सिर्फ बच्ची को बचाने का विचार था। बच्ची के पिता ने भी जेसिल और पुलिसकर्मी को "असली हीरो" बताया और उनकी जान बचाने के लिए आभार व्यक्त किया।
अच्छी बात यह रही कि बच्ची को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि संकट की घड़ी में साहस, फुर्ती और इंसानियत किसी की जिंदगी बचा सकती है।