दिल्ली में बुजुर्ग महिला से खरीदे पेन, फिर जेब के सारे पैसे दे गया अमेरिकी युवक; वीडियो ने जीता लोगों का दिल

American Delhi Viral Video : दिल्ली के कनॉट प्लेस में एक अमेरिकी कंटेंट क्रिएटर ने बुजुर्ग पेन बेचने वाली महिला से पेन खरीदे और बाद में अपनी जेब में बचे सारे पैसे उसे दे दिए।
An American content creator won hearts after giving all the cash left in his wallet to an elderly pen seller in Delhi.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Elderly Pen Seller : दिल्ली के कनॉट प्लेस से इंसानियत और दयालुता की एक खूबसूरत कहानी सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत लिया। अमेरिकी कंटेंट क्रिएटर Steve Yalo का एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह सड़क पर पेन बेच रही एक बुजुर्ग महिला से मिलते हैं और उनकी मदद करने का फैसला करते हैं।

शुरुआत में स्टीव ने महिला से पेन की कीमत पूछी। भाषा की बाधा के बावजूद महिला ने उन्हें बताया कि एक पेन की कीमत 50 रुपये है। इसके बाद उन्होंने 100 रुपये देकर दो पेन खरीदे। लेकिन महिला की मुस्कान और सकारात्मक व्यवहार ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि उन्होंने दो और पेन खरीदने के लिए अतिरिक्त 100 रुपये दे दिए।

अमेरिकी युवक की दरियादिली ने जीता लोगों का दिल

इसके बाद स्टीव की नजर महिला के पास बचे हुए पेनों पर गई। उन्होंने अनुमान लगाया कि सभी पेनों की कुल कीमत करीब 900 रुपये होगी। जब उन्होंने अपनी जेब और बटुआ चेक किया तो उनके पास सिर्फ 550 रुपये बचे थे। ऐसे में उन्होंने बिना ज्यादा सोचे-विचारे वह पूरी राशि महिला को दे दी।

खास बात यह रही कि पैसे देने के बावजूद उन्होंने सभी पेन अपने पास नहीं रखे, बल्कि सिर्फ दो पेन लेकर महिला को शुभकामनाएं दीं और वहां से चले गए। पूरे समय बुजुर्ग महिला मुस्कुराती रहीं और हिंदी में उनसे बात करती रहीं। स्टीव ने बाद में कहा कि वह महिला की बातों का अनुवाद करवाएंगे ताकि समझ सकें कि वह क्या कह रही थीं।

वीडियो ने लोगों को दिया इंसानियत का संदेश

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग स्टीव की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि यह सिर्फ पैसों की मदद नहीं थी, बल्कि बुजुर्ग महिला को सम्मान, समय और अपनापन देने की भी कोशिश थी। कुछ लोगों ने लिखा कि इंसान की असली पहचान उसके छोटे-छोटे अच्छे कामों से होती है, न कि बड़े दिखावे से।

वहीं अन्य यूजर्स ने कहा कि इस वायरल वीडियो ने यह साबित कर दिया कि थोड़ी सी संवेदनशीलता और दयालुता किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकती है। यही वजह है कि यह भावुक कर देने वाला वीडियो इंटरनेट पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोगों को इंसानियत का संदेश दे रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com