मुंबई में रहना कितना महंगा? IIM ग्रेजुएट ने बताया एक महीने का खर्च, ₹1.31 लाख का हिसाब सुन लोग रह गए हैरान
Mumbai Cost of Living : मुंबई में रहने वाली एक IIM ग्रेजुएट ने इंस्टाग्राम पर अपने एक महीने के खर्चों का पूरा हिसाब साझा किया। ₹1.31 लाख से अधिक के मासिक खर्च का वीडियो वायरल।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Mumbai Monthly Expenses : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को अवसरों का शहर कहा जाता है, लेकिन यहां रहने का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आईआईएम से ग्रेजुएट नंदिनी सेठी ने अपने एक महीने के खर्चों का पूरा ब्यौरा साझा किया है।
इंस्टाग्राम पर @miss_management नामक हैंडल से पोस्ट किए गए इस वीडियो में उन्होंने बताया कि एक महीने में उनके कुल खर्च ₹1,31,277 तक पहुंच गए। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “एक महीने में ₹1,31,277 खर्च हुए। आपके मासिक खर्च कितने होते हैं?” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस राशि में उनके निवेश शामिल नहीं हैं। वीडियो सामने आने के बाद कई लोग मुंबई में बढ़ती महंगाई और रहन-सहन की लागत पर चर्चा करने लगे।
IIM ग्रेजुएट ने बताया मुंबई में रहना कितना महंगा
नंदिनी ने वीडियो में अपने खर्चों का विस्तार से हिसाब बताया। उनके अनुसार, नए फ्लैट का मासिक किराया ₹31,000 है, जबकि फ्लैट अनफर्निश्ड होने के कारण उन्हें फर्नीचर खरीदने पर करीब ₹25,000 खर्च करने पड़े। इसके अलावा कमरे और बाथरूम की डीप क्लीनिंग पर ₹1,514, एसी लगवाने पर ₹10,400 और ड्रॉइंग रूम व किचन के लिए किराए के फर्नीचर पर ₹980 खर्च हुए।
गीजर की मरम्मत पर ₹4,328 का अतिरिक्त खर्च आया। नियमित मासिक खर्चों में किराना लगभग ₹5,800, घरेलू सहायिका पर ₹1,200, कुक पर ₹400 और ऑफिस आने-जाने में करीब ₹11,250 खर्च हुए। इसके अलावा वीकेंड आउटिंग पर ₹10,545, घर जाने के लिए फ्लाइट और टैक्सी पर ₹15,350 तथा शॉपिंग और अन्य जरूरतों पर लगभग ₹10,000 खर्च होने की जानकारी उन्होंने साझा की।
ये खबर भी पढ़ें : स्कूल वाला साइकिल रिक्शा देख लौट आई बचपन की यादें, वायरल वीडियो ने लोगों को कर दिया भावुक
मुंबई में किराया और रोजमर्रा का खर्च तेजी से बढ़ा
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कई यूजर्स ने कहा कि मुंबई में अच्छी नौकरी के बावजूद बजट संभालना आसान नहीं है। एक यूजर ने लिखा, “मैं मुलुंड में रहता हूं और मेरे भी महीने का खर्च लगभग ₹1 लाख पहुंच जाता है।” दूसरे ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “मुंबई में आपका स्वागत है, यहां असली फाइनेंस मैनेजमेंट सीखने को मिलता है।”
वहीं कुछ लोगों ने यह भी कहा कि फर्नीचर और एसी जैसे कई खर्च एक बार के हैं, इसलिए आने वाले महीनों में कुल खर्च कम हो सकता है। हालांकि, अधिकांश यूजर्स का मानना था कि मुंबई में किराया और रोजमर्रा का खर्च तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बड़े शहरों में रहने की चुनौती और भी बढ़ गई है।
