कीमोथेरेपी से पत्नी के बाल झड़ने पर पति ने भी मुंडवाया सिर, भावुक कर देने वाला वीडियो हुआ वायरल
Chemotherapy Viral Video : कीमोथेरेपी के कारण पत्नी के बाल झड़ने लगे तो पति ने उसका दर्द बांटने के लिए अपना सिर भी मुंडवा लिया। सोशल मीडिया पर यह भावुक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - गूगल इमेज)
Husband Supports Wife : कीमोथेरेपी के कठिन दौर से गुजर रही एक महिला का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महिला के बाल इलाज के दौरान झड़ने लगे थे, जिसे देखकर उनके पति ने बड़ा फैसला लिया।
पत्नी का दर्द कम करने और उसका साथ निभाने के लिए पति ने बिना देर किए अपना सिर भी मुंडवा लिया। इस खास पल का वीडियो लोगों के दिलों को छू रहा है और हर कोई इस जोड़ी की तारीफ कर रहा है।
कैंसर से लड़ रही पत्नी के लिए पति ने मुंडवाया सिर
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर नम्रता नितिन गोयल ने शेयर किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा कि उनके पति ने सिर्फ अपना सिर नहीं मुंडवाया, बल्कि उनके दर्द को भी अपने साथ बांटा।
वीडियो में देखा जा सकता है कि जब पत्नी अपने बाल हटवा रही थीं, उसी समय पति ने भी एकजुटता दिखाते हुए अपना सिर मुंडवा लिया। लोगों ने इसे सच्चे प्यार, मजबूत रिश्ते और मुश्किल समय में साथ निभाने का शानदार उदाहरण बताया है।
ये खबर भी पढ़ें : स्वीडिश युवक ने ‘चुनरी चुनरी’ पर किया जबरदस्त डांस, सलमान खान फैंस बोले- दिल जीत लिया
लोगों ने वीडियो पर कमेंट कर प्यार और दुआएं दीं
नम्रता ने इससे पहले एक और वीडियो में बताया था कि कीमोथेरेपी के दूसरे सेशन के बाद उनके बाल तेजी से झड़ने लगे थे और सिर में बहुत दर्द होता था। उन्होंने कहा कि बाल गिरने के साथ दर्द और बढ़ जाता था, इसलिए सिर मुंडवाना जरूरी हो गया था।
हालांकि वह जानती थीं कि इलाज के कारण बाल जाएंगे, लेकिन भावनात्मक रूप से इसके लिए तैयार नहीं थीं। इस वायरल वीडियो पर यूजर्स लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “भगवान आप दोनों को खुश रखे।” वहीं दूसरे ने कहा, “यह प्यार नहीं, इससे भी बढ़कर साथ निभाने का रिश्ता है।”
