

SBI ATM Incident : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद अनोखा और मजेदार वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक घोड़ा बैंक के एटीएम तक पहुंचकर हंगामा करता नजर आ रहा है। यह घटना झांसी की बताई जा रही है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि घोड़ा भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम के बाहर खड़ा है और दरवाजे को जोर-जोर से धक्का मार रहा है, मानो वह अंदर घुसना चाहता हो। इस अजीब हरकत को देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह जाते हैं।
बताया जा रहा है कि गेट नहीं खुलने पर घोड़ा काफी देर तक वहीं हंगामा करता रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार वह इलाके में इधर-उधर दौड़ता भी रहा, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि, मौके पर मौजूद एक युवक ने समझदारी दिखाते हुए एटीएम का शटर गिरा दिया, जिससे किसी बड़े नुकसान से बचाव हो गया। जांच में यह भी सामने आया कि घोड़ा किसी स्थानीय व्यक्ति का था, जो रात के समय खुला घूम रहा था और इसी दौरान यह घटना सामने आई।
वीडियो वायरल होते ही यूजर्स ने इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। एक यूजर ने मजाक में लिखा, “लगता है घोड़े का भी बैंक अकाउंट है।” वहीं दूसरे ने कहा, “कैश खत्म हो गया होगा, इसलिए खुद ही निकालने पहुंच गया।”
किसी ने इसे ‘ATM का असली हॉर्स पावर’ बताया तो किसी ने कहा, “आज तो पैसे निकाल कर ही जाऊंगा।” सोशल मीडिया पर ऐसे मजेदार कमेंट्स के चलते यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है।