गाजियाबाद में पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप, 12 लोगों में मारपीट, दो गिरफ्तार

Ghaziabad Parking Dispute : गाजियाबाद के सूर्य नगर इलाके में पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
A parking dispute in Ghaziabad turned violent, and police arrested two accused.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स -सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ghaziabad Parking Fight Video : दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना लिंक रोड थाना क्षेत्र के सूर्य नगर इलाके की बताई जा रही है। शुक्रवार रात करीब 12 बजे हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पार्किंग को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट

जानकारी के मुताबिक, सूर्य नगर में रहने वाले मित्तल पक्ष ने अपने घर के पास एक खाली प्लॉट में कार खड़ी कर दी थी। इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले मल्होत्रा पक्ष ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई शुरू हो गई।

वायरल वीडियो में करीब 10 से 12 लोग आपस में गुत्थम-गुत्था करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ महिलाएं बीच-बचाव करती नजर आ रही हैं, जबकि कुछ लोग थप्पड़ और धक्का-मुक्की करते दिख रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया

पुलिस के अनुसार, मित्तल परिवार हाल ही में वहां शिफ्ट हुआ है और दोनों पक्षों के बीच पहले भी तनातनी रही है। लिंक रोड थाना प्रभारी रविंद्र चंद्र पंत ने बताया कि विवाद के दौरान एक व्यक्ति के सिर में चोट आई है, जबकि दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति के पैर की हड्डी टूट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। एक पक्ष के सौरभ और रोहित को गिरफ्तार कर शांति भंग की धारा में कार्रवाई की गई है। वहीं, आरोपी पक्ष की महिला मीनू मल्होत्रा ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com