

फ्रांस में सुपरहीरो की वेशभूषा में प्रदर्शनकारियों का वीडियो वायरल हुआ
पेरिस समेत कई शहरों में सरकार विरोधी प्रदर्शन आयोजित हुए
देशभर में करीब 4.10 लाख लोग प्रदर्शनों में शामिल हुए
France Protests Superheroes: फ्रांस में शनिवार का खराब शिक्षा व्यवस्था और सरकार की नीतियों को लेकर लाखों लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी मार्वल सुपर हीरो जैसे ब्लैक पैंथर, कैप्टन अमेरिका स्पाइडरमैन, सुपरमैन और डेडपूल के अवतार में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी ये वयारल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में पेरिस के प्रदर्शन स्थल पर ब्लैक पैंथर और कैप्टन अमेरिका की पोशाक पहने दो लोग दिखाई दे रहे हैं। दोनों अपने खास अंदाज में एक्शन करते नजर आते हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारी उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं। इसके बाद दोनों नारे लगाते हुए भीड़ का उत्साह बढ़ाते दिखाई देते हैं। वहीं, आसपास सुरक्षा बल बैरिकेडिंग करके इलाके की निगरानी करते नजर आते हैं।
फ्रांस में प्रदर्शन के दौरान कई लोगों को मास्क, गॉगल्स और हेलमेट पहने देखा गया। बताया जा रहा है कि ये सुरक्षा इंतजाम पुलिस की कार्रवाई, लाठीचार्ज और आंसू गैस के प्रभाव से बचने के लिए किए गए हैं।
इससे पहले सोशल मीडिया पर नेपोलियन बोनापार्ट और बैटमैन की वेशभूषा में प्रदर्शन कर रहे लोगों के वीडियो भी सामने आए थे। अलग-अलग किरदारों के रूप में विरोध जताने के इन तरीकों ने आंदोलन को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया है।
फ्रांस के गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में आयोजित प्रदर्शनों में करीब 4 लाख 10 हजार लोग शामिल हुए, जिनमें अकेले पेरिस में करीब 1 लाख 10 हजार सरकार विरोधी प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन दौरान कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें भी हुईं और करीब 1,000 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पेरिस समेत फ्रांस के कई शहरों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव देखने को मिला। कुछ स्थानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कार्रवाई की। अधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ कट्टरपंथी समूहों ने पुलिस पर वस्तुएं फेंकीं और पटाखों का इस्तेमाल कर झड़पें भड़काने की कोशिश की।
प्रदर्शनों को नियंत्रित करने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों को लेकर भी विवाद सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगाने से जुड़े एक आदेश को अदालत ने उसी दिन पलट दिया था। इस घटनाक्रम के बाद प्रदर्शन और राजनीतिक बहस तेज होने की खबरें सामने आईं।
फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने बताया कि प्रदर्शनों के मद्देनजर देशभर में करीब 70 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए हेलीकॉप्टर, बख्तरबंद वाहन और वाटर कैनन भी तैयार रखे गए हैं। इससे पहले पिछले हफ्ते भी बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे थे और कई जगह हिंसा, तोड़फोड़ तथा लूटपाट की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं को देखते हुए इस बार भी भारी भीड़ जुटने की आशंका जताई गई थी।
इस समय यूरोप में फ्रांस के अलावा इटली, स्पेन, पुर्तगाल और अल्बानिया समेत कई देशों में महंगाई, खराब शिक्षा व्यवस्था और सरकार की नीतियों को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। शनिवार को हुए प्रदर्शनों के दौरान करीब 2,700 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।