5 साल की नन्ही ‘एयर होस्टेस’ ने जीता दिल, फ्लाइट में यात्रियों को सर्व किया खाना; क्यूट वीडियो वायरल
Cabin Crew Little Girl : एमिरेट्स फ्लाइट में पांच साल की आयला ने केबिन क्रू की भूमिका निभाकर यात्रियों का दिल जीत लिया। यूनिफॉर्म पहनकर यात्रियों का स्वागत करने और खाना सर्व करने का उसका वीडियो वायरल।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Little Girl Viral Video : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद प्यारा और दिल जीत लेने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में पांच साल की एक बच्ची एमिरेट्स एयरलाइन की फ्लाइट में केबिन क्रू की भूमिका निभाती नजर आ रही है।
आयला नाम की यह बच्ची एयरलाइन की यूनिफॉर्म पहनकर यात्रियों का स्वागत करती है, उन्हें खाना परोसती है और केबिन क्रू के सदस्यों के साथ मिलकर कई जिम्मेदारियां निभाती दिखाई देती है। उसकी मासूमियत और आत्मविश्वास ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया है।
पांच साल की बच्ची ने केबिन क्रू की भूमिका निभाई
वायरल वीडियो को इंस्टाग्राम पर @whataboutnegin नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि आयला एमिरेट्स की खास लाल टोपी और यूनिफॉर्म पहनकर विमान में प्रवेश करती है। केबिन क्रू के सदस्य उसे बैज और टोपी पहनाने में मदद करते हैं।
इसके बाद वह मुस्कुराते हुए यात्रियों का स्वागत करती है और कहती है, “दुनिया की सबसे बेहतरीन एयरलाइन एमिरेट्स में आपका स्वागत है।” वीडियो में वह यात्रियों से यह पूछती भी नजर आती है कि वे खाने में चिकन लेना पसंद करेंगे या बीफ। इसके अलावा वह भोजन और चाय परोसने के साथ-साथ इस्तेमाल की गई ट्रे और हेडफोन इकट्ठा करने में भी क्रू की मदद करती है।
ये खबर भी पढ़ें : बस के सामने दौड़ पड़ी मासूम बच्ची, एक सेकंड की दूरी ने बचाई जान; रोंगटे खड़े कर देगा वायरल वीडियो
लोगों ने बच्ची के आत्मविश्वास की जमकर तारीफ की
इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भावुक और खुश नजर आए। कई लोगों ने बच्ची के आत्मविश्वास की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने लिखा कि वह पहले से ही सुपरवाइजर की तरह काम कर रही है। वहीं दूसरे यूजर्स ने उसे दुनिया की सबसे प्यारी केबिन क्रू सदस्य बताया।
कई लोगों का कहना है कि यह वीडियो बच्चों के सपनों को प्रोत्साहित करने वाला है और दिखाता है कि सही माहौल मिलने पर बच्चे कितनी खूबसूरती से सीख सकते हैं। आयला का यह वायरल वीडियो अब इंटरनेट पर लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला रहा है।
