कैंसर का झूठ बोलकर इंफ्लूएंसर ने ठगे 71 लाख रुपये, लग्जरी लाइफस्टाइल ने खोली पोल
Fake Cancer Story : मिस्र की एक इंफ्लूएंसर ने कैंसर होने का झूठ बोलकर फॉलोअर्स से लाखों रुपये जुटा लिए। बाद में लग्जरी लाइफस्टाइल सामने आने पर मामला खुल गया।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Social Media Scam : सोशल मीडिया की दुनिया में तेजी से पहचान बनाने की चाह कई बार लोगों को गलत रास्ते पर ले जाती है। ऐसा ही मामला मिस्र से सामने आया है, जहां एक महिला इंफ्लूएंसर पर अपने फॉलोअर्स से झूठ बोलकर लाखों रुपये ठगने का आरोप लगा है।
डोनिया नाम की इंफ्लूएंसर ने दावा किया था कि उसे कैंसर है और इलाज के लिए पैसों की जरूरत है। उसने सोशल मीडिया पर दुखभरी पोस्ट और स्टोरीज शेयर कीं, जिनसे भावुक होकर लोगों ने आर्थिक मदद भेजी। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसे करीब 4 मिलियन मिस्री पाउंड मिले, जो भारतीय रुपये में लगभग 71 लाख के बराबर हैं।
इंफ्लूएंसर ने खुद को कैंसर पीड़ित बताकर की ठगी
मामला तब बिगड़ गया जब डोनिया की लग्जरी लाइफस्टाइल सोशल मीडिया पर सामने आने लगी। वायरल वीडियो में वह महंगी कार, नया घर और महंगे सामान के साथ नजर आई। इसके बाद लोगों को शक हुआ कि दान में मिले पैसों का इस्तेमाल इलाज पर नहीं, बल्कि निजी शौक पूरे करने में किया गया है।
फॉलोअर्स ने सवाल उठाने शुरू किए कि आखिर इलाज का खर्च कहां गया। बढ़ते विवाद के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मामला गंभीर हो गया। आखिरकार डोनिया को अधिकारियों के सामने सरेंडर करना पड़ा।
ये खबर भी पढ़ें : बिहार के नए स्वास्थ्य मंत्री का वीडियो वायरल, कुर्सी पर झूलते दिखे तो सोशल मीडिया ने लिए मजे
लोगों ने सच्चाई जानकार नाराजगी और विरोध जताया
बाद में डोनिया ने फेसबुक पोस्ट के जरिए अपनी गलती स्वीकार की। उसने कहा कि वह मानसिक परेशानी से गुजर रही है और उसे मेडिकल मदद की जरूरत है। उसने यह भी माना कि उसने लोगों का ध्यान खींचने के लिए कैंसर का झूठ बोला।
डोनिया के मुताबिक, बीमार होने पर लोगों से मिली सहानुभूति और अटेंशन उसे अच्छी लगने लगी थी। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग नाराजगी जता रहे हैं और कह रहे हैं कि ऐसे मामलों से असली जरूरतमंदों पर भी भरोसा कम होता है।
