

Dutch Woman Stuck in Highway : सोशल मीडिया पर इन दिनों भारत की मेहमाननवाजी और इंसानियत दिखाने वाला एक दिल छू लेने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भारत में अकेले मोटरसाइकिल से घूम रही एक डच महिला हाईवे पर मुसीबत में फंस जाती है।
महिला की बाइक अचानक रास्ते में पंचर हो जाती है, जिसके बाद वह सड़क किनारे खड़ी होकर परेशान नजर आती है। अकेली होने और जगह अनजान होने की वजह से वह घबरा जाती है। लेकिन तभी तीन भारतीय युवक उसके लिए फरिश्ता बनकर सामने आते हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन स्थानीय लोग महिला को सड़क किनारे खड़ा देखते हैं और तुरंत मदद के लिए रुक जाते हैं। वे उसकी बाइक का टायर चेक करते हैं, पंचर समझने की कोशिश करते हैं और फिर उसे पास के मैकेनिक तक पहुंचने का रास्ता बताते हैं।
महिला ने बताया कि उसके पास बाइक ठीक करने के जरूरी टूल्स नहीं थे और उसे खुद मरम्मत करने का अनुभव भी नहीं था। ऐसे समय में अनजान लोगों की मदद ने उसे राहत दी। वीडियो में महिला काफी भावुक और खुश नजर आती है। उसने कहा कि लोग उसके लिए रुके और बिना कुछ मांगे मदद की।
महिला मेइके हिजमैन ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि यही असली भारत है, जिसे यात्री हमेशा याद रखते हैं। दूसरे ने कहा कि भारत के हाईवे पर आज भी इंसानियत जिंदा है।
कई लोगों ने अपने सफर के दौरान मिली ऐसी ही मदद की कहानियां भी साझा कीं। लोगों का कहना है कि वायरल वीडियो इसलिए खास है क्योंकि इसमें कोई बड़ा ड्रामा नहीं था, बस तीन लोग किसी को परेशानी में देखकर आगे बढ़ गए। यह वीडियो याद दिलाता है कि छोटी सी मदद भी किसी के लिए बड़ी राहत बन सकती है।