दुबई में बिना ड्राइवर की कार में घूमे क्राउन प्रिंस, वीडियो हुआ वायरल
Dubai Driverless Car : दुबई के क्राउन प्रिंस हामदान बिन मोहम्मद अल मकतूम ने ड्राइवरलेस कार में सफर करते हुए वीडियो साझा किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Dubai RTA : दुबई के क्राउन प्रिंस हामदान बिन मोहम्मद अल मकतूम ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह बिना ड्राइवर वाली कार में सफर करते नजर आए। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार पूरी तरह ऑटोमैटिक मोड में चल रही है और स्टीयरिंग पर किसी का हाथ नहीं है।
प्रिंस आराम से सीट पर बैठे हुए हैं और सफर का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, “Hands off, future on”, जिसका मतलब है कि अब भविष्य की ओर कदम बढ़ाने का समय आ गया है।
दुबई की सड़कों पर ड्राइवरलेस सेवा
यह ड्राइवरलेस कार चीन की कंपनी Baidu की Apollo Go तकनीक पर आधारित है। दुबई की सड़क और परिवहन प्राधिकरण (RTA) ने इस कंपनी को सार्वजनिक सड़कों पर बिना सेफ्टी ड्राइवर के कार चलाने की अनुमति दी है।
फिलहाल इसका ट्रायल जुमैरा और ज़ाबील जैसे इलाकों में किया जा रहा है। खास बात यह है कि यह पहली बार है जब Baidu की ड्राइवरलेस सेवा चीन के बाहर संचालित हो रही है। दुबई साइंस पार्क में इस परियोजना के लिए एक कंट्रोल सेंटर भी बनाया गया है।
ये खबर भी पढ़ें : मेट्रो स्टेशन पर हुई रिंग सेरेमनी, इंतजार और नाराजगी के बीच बना यादगार पल; वीडियो वायरल
भविष्य की तकनीक की झलक
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया है। लोगों ने इसे भविष्य की तकनीक की झलक बताया है। कई यूजर्स ने दुबई की तकनीकी प्रगति की तारीफ की है, जबकि कुछ लोगों ने सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठाए हैं।
इस वीडियो को भारत सहित कई देशों में देखा और साझा किया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में ड्राइवरलेस कारें आम हो सकती हैं और ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह बदल सकती हैं।
