

Kanwariya Swept Away : उत्तराखंड के देवप्रयाग से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रहा है। मानसून के दौरान उफनती गंगा में स्नान करने के दौरान एक कांवड़िया तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना देवप्रयाग के तोंदेश्वर घाट की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में सबसे दर्दनाक दृश्य नदी के किनारे खड़े उसके बड़े भाई का है, जो अपने भाई को बहते हुए देखकर लोगों से मदद की गुहार लगाता नजर आ रहा है।
वह रोते हुए अपने भाई को बचाने की अपील करता है और यहां तक कहता सुनाई देता है कि “5 लाख रुपये ले लो, बस मेरे भाई को पकड़ लो।” वीडियो में भाई की बेबसी और चीखें लोगों को झकझोर रही हैं। हालांकि, तेज बहाव के कारण मौके पर मौजूद लोग भी कुछ नहीं कर सके और कांवड़िया देखते ही देखते गंगा की लहरों में बह गया।
बताया जा रहा है कि शनिवार को कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़िया गंगा में स्नान करने के लिए नदी में उतरा था। इस समय मानसून के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ था और नदी का बहाव भी काफी तेज था। इसी दौरान अचानक वह तेज धारा की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कोई उसके करीब नहीं पहुंच सका।
इस दौरान उसका बड़ा भाई लगातार मदद के लिए लोगों से गुहार लगाता रहा। वायरल वीडियो में उसकी परेशानी और अपने भाई को बचाने की बेचैनी साफ नजर आती है। घटना ने एक बार फिर मानसून के दौरान नदियों और घाटों पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन और पुलिस की ओर से मानसून के दौरान लगातार लोगों को नदियों के तेज बहाव से दूर रहने की सलाह दी जाती है। खासकर गंगा और दूसरी पहाड़ी नदियों में बारिश के मौसम में पानी का स्तर अचानक बढ़ सकता है और बहाव बेहद खतरनाक हो सकता है। लोगों से अपील की जाती है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें, जहां SDRF और जल पुलिस जैसी बचाव टीमें मौजूद हों।
कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचते हैं, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों से अपील की जा रही है कि मानसून में नदी के किनारे जाने और तेज बहाव में उतरने से बचें। आस्था जरूरी है, लेकिन सुरक्षा को नजरअंदाज करना किसी परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे सकता है।