सड़क पर इंसानियत शर्मसार! डंडों से तोड़ दिए बुजुर्ग के दोनों पैर: VIDEO देख कांप जाएगी रूह

Delhi Crime: दिल्ली में एक बुजुर्ग की दिनदहाड़े पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है जहां पर बीच सड़क पर कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखने का काम करते हुए युवक ने बुजुर्ग पर जमकर लाठी-डंडे बरसाए है।
delhi-sarita-vihar-elderly-man-raghuraj-brutally-beaten-by-mohit-over-dda-plot-dispute-video-viral
दिल्ली में बीच सड़क युवक की दबंगई वीडियो वायरल (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Delhi Sarita Vihar Assault Viral Video: दिल्ली में एक बार फिर शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। राजधानी की सड़कों पर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए इंसानियत की धज्जियां उड़ाकर एक बुजुर्ग की सरेआम पिटाई का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दक्षिणी पूर्वी दिल्ली के आलीगांव में हुई इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। हमलावर ने बुजुर्ग को पहले कार से बाहर घसीटा और फिर डंडों से उन पर ताबड़तोड़ वार किए। इस बेरहमी की वजह एक पुराना शक बताया जा रहा है, जिसने आज एक बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचा दिया।

यह खौफनाक घटना 24 अक्टूबर की है, जब पीड़ित रघुराज अपनी कार से घर से दफ्तर के लिए निकले थे। रास्ते में ही मोहित नाम के शख्स ने अपने दोस्तों के साथ उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले रघुराज की कार का शीशा तोड़ा और फिर उन्हें जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद जो हुआ, उसने दिल्ली में दिनदहाड़े गुंडागर्दी की पोल खोल दी। आरोपियों ने बुजुर्ग रघुराज को सड़क पर ही बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

दो साल पुराना शक बना बर्बरता की वजह

पुलिस जांच में जो बात सामने आई है, वह हैरान करने वाली है। इस पूरी दरिंदगी के पीछे एक दो साल पुराना शक है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोहित ने करीब 2 साल पहले आलीगांव में एक प्लॉट खरीदा था और उस पर अवैध निर्माण शुरू करवाया था। लेकिन निर्माण कार्य शुरू होने के महज एक महीने बाद ही डीडीए (DDA) ने उस अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया और उसे तोड़ दिया। मोहित को शक था कि यह सब बुजुर्ग रघुराज की शिकायत पर हुआ है। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए मोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

वीडियो वायरल, लोगों को भी दी धमकी

इस जानलेवा हमले में बुजुर्ग रघुराज गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जाता है कि पिटाई के कारण उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने देखने वालों की रूह कंपा दी है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे आरोपी सरेआम डंडे से बुजुर्ग पर वार कर रहा है।

हैरान की बात यह है कि जब मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस गुंडागर्दी का विरोध किया और बुजुर्ग को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। इस घटना ने राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस ने दिल्ली के सरिता विहार थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी मोहित व उसके साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com