

HR Argument Video : सोशल मीडिया पर इन दिनों दिल्ली के मोती नगर स्थित एक निजी कंपनी के ऑफिस का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक कर्मचारी अपनी सैलरी को लेकर शिकायत करता दिखाई देता है।
उसका दावा है कि नौकरी के दौरान उसे 13 हजार रुपये वेतन देने की बात कही गई थी, लेकिन खाते में सिर्फ 3,800 रुपये आए। इसी बात को लेकर वह ऑफिस पहुंचता है और वहां मौजूद एचआर से जवाब मांगता है। देखते ही देखते बातचीत बहस में बदल जाती है और माहौल तनावपूर्ण हो जाता है।
वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह दिल्ली की एक निजी टेलीकॉम कंपनी के कार्यालय का है। वीडियो में एचआर कर्मचारी से रिकॉर्डिंग बंद करने के लिए कहती हैं, जबकि वहां मौजूद एक अन्य कर्मचारी भी वीडियो बनाने पर आपत्ति जताता है।
इसी दौरान शिकायत करने वाला कर्मचारी बार-बार अपनी सैलरी का मुद्दा उठाता है और कहता है कि इतनी कम रकम मिलने के बाद उसे सिर्फ ऑफिस छोड़कर जाने के लिए कहा जा रहा है। हालांकि, वीडियो की सत्यता, कंपनी के पक्ष और कर्मचारी के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल वीडियो के आखिर में कुछ सहकर्मी बीच-बचाव करते नजर आते हैं। वे कर्मचारी को समझाते हैं कि एचआर वेतन तय करने वाली अधिकारी नहीं होतीं और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से बात करना बेहतर होगा। इसके बाद माहौल कुछ शांत होता दिखाई देता है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स भी अलग-अलग राय दे रहे हैं। कुछ लोग कर्मचारी की शिकायत को गंभीर बता रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि ऐसे मामलों का समाधान बातचीत और आधिकारिक प्रक्रिया के जरिए किया जाना चाहिए। फिलहाल इस मामले पर संबंधित कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।