

Toy Train Car Accident Video : पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में एक अजीबोगरीब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यहां दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (DHR) की प्रसिद्ध टॉय ट्रेन से हल्की टक्कर लगने के बाद एक टैक्सी चालक लोको पायलट से बहस करने लगा।
हैरानी की बात यह रही कि चालक का दावा था कि ट्रेन "गलत साइड" से आ रही थी। इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर खूब शेयर किया जा रहा है और लोग इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की हेरिटेज टॉय ट्रेन रेलवे ट्रैक के बेहद करीब खड़ी एक महिंद्रा सूमो से हल्के रूप में टकरा गई। अधिकारियों की जांच में सामने आया कि टैक्सी को रेलवे लाइन के बहुत पास लापरवाही से पार्क किया गया था।
इसके बावजूद चालक ने अपनी गलती मानने के बजाय लोको पायलट से बहस शुरू कर दी और दावा किया कि ट्रेन को वहां नहीं आना चाहिए था। बाद में पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने टैक्सी चालक के दावे पर हैरानी जताई। एक यूजर ने लिखा, "लोग अपनी गलती मानने के बजाय ट्रेन से भी बहस कर लेते हैं।" वहीं दूसरे ने मजाक करते हुए पूछा, "भला ट्रेन गलत साइड से कैसे आ सकती है?" कई लोगों ने रेलवे ट्रैक के आसपास गलत तरीके से वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बता दें कि दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे वर्ष 1881 से संचालित हो रही है और इसे यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में भी शामिल किया गया है। यह दार्जिलिंग आने वाले पर्यटकों के बीच सबसे लोकप्रिय आकर्षणों में से एक मानी जाती है।