सेल्फी का खतरनाक शौक! चीन में स्कीइंग कर रही लड़की पर स्नो लेपर्ड का हमला, चेहरे पर गंभीर चोटें

Snow Leopard Attack : चीन से सामने आए एक डरावने वीडियो ने लोगों को झकझोर दिया। स्कीइंग के दौरान एक लड़की स्नो लेपर्ड के साथ सेल्फी लेने उसके करीब पहुंच गई, जिसके बाद जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया।
A girl was seriously injured after a snow leopard attacked her while she tried to take a selfie during skiing in China.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Snow Leopard Viral Video : सोशल मीडिया के दौर में लोग हर खास पल को कैमरे में कैद करना चाहते हैं, लेकिन कई बार यही शौक जान पर भारी पड़ जाता है। ऐसा ही एक खौफनाक मामला चीन से सामने आया है, जहां स्कीइंग कर रही एक लड़की पर स्नो लेपर्ड ने हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि लड़की बर्फीले इलाके में स्की कर रही थी, तभी उसकी नजर एक हिम तेंदुए पर पड़ी। जंगली जानवर को देखकर वह उत्सुक हो गई और बिना खतरे को समझे उसके पास जाकर सेल्फी लेने का फैसला कर बैठी। यही फैसला उसके लिए जानलेवा साबित होते-होते रह गया।

नजदीक जाते ही किया हमला, चेहरे पर आई गंभीर चोटें

जैसे ही लड़की स्नो लेपर्ड के करीब पहुंची, तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुए ने लड़की के चेहरे को निशाना बनाया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद लोग भी घबरा गए।

गनीमत यह रही कि पास से गुजर रहे कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई और तुरंत लड़की की मदद के लिए आगे आए। लोगों के शोर और हस्तक्षेप के कारण स्नो लेपर्ड पीछे हट गया, जिससे लड़की की जान बच सकी। घायल लड़की को तुरंत मेडिकल मदद दी गई, जहां उसका इलाज किया गया।

वायरल वीडियो से मिली सख्त सीख

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और यूजर्स इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने इसे ‘सेल्फी कल्चर की खतरनाक हद’ बताया है। एक यूजर ने लिखा कि रील और लाइक्स के चक्कर में लोग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। चीन के राष्ट्रीय वन्यजीव विभाग ने पहले भी पर्यटकों को चेतावनी दी है कि वे जंगली जानवरों से कम से कम 100 मीटर की दूरी बनाए रखें।

विशेषज्ञों का कहना है कि वाइल्डलाइफ स्नो लेपर्ड जैसे जंगली जानवर दिखने में शांत लग सकते हैं, लेकिन वे किसी भी पल हमला कर सकते हैं। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि वाइल्डलाइफ का सम्मान करना और उनसे दूरी बनाए रखना ही सबसे समझदारी भरा कदम है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com