

Childhood Memories : सोशल मीडिया पर आए दिन बच्चों की शरारतों से जुड़े वीडियो वायरल होते रहते हैं। कुछ वीडियो लोगों को हंसा देते हैं तो कुछ उन्हें अपने बचपन की याद दिला देते हैं।
इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक छोटा बच्चा अपनी जिज्ञासा के चलते ऐसी हरकत कर बैठता है कि पूरा परिवार परेशान हो जाता है। वीडियो देखने के बाद कई यूजर्स ने कहा कि बचपन में उन्होंने भी कुछ न कुछ ऐसा ही कारनामा जरूर किया होगा।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चे ने दूध लाने वाले कैन, जिसे आम बोलचाल की भाषा में डोलची कहा जाता है, उसके हैंडल में अपनी गर्दन फंसा ली। गर्दन फंसने के बाद बच्चा जोर-जोर से रोने लगता है।
वहीं उसकी मां बड़ी सावधानी से हैंडल को काटकर निकालने की कोशिश करती नजर आती है, ताकि बच्चे को किसी तरह की चोट न पहुंचे। वीडियो में बच्चे की मासूमियत और शरारत दोनों साफ दिखाई देती हैं। यही वजह है कि यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर की जा रही है।
इस वीडियो को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर @sangeetasa19 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, "आजकल बच्चों को अगर मोबाइल न मिले तो घर में ऐसा माहौल बन जाता है, मानों कोई राष्ट्रीय आपातकाल लग गया हो।" खबर लिखे जाने तक वीडियो को 21 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
वीडियो पर लोग मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "जिज्ञासु मन जब भटकता है तो ऐसी कारस्तानियां हो ही जाती हैं। बचपन में सही-गलत की समझ कहां होती है।" वहीं कई अन्य यूजर्स ने भी अपने बचपन के ऐसे ही किस्से साझा करते हुए कहा कि बच्चों की शरारतें ही बचपन को खास बनाती हैं।