

Sleeper Class Experience : भारत में ट्रेन का सफर सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का जरिया नहीं, बल्कि एक अलग अनुभव होता है। इसका अंदाजा कनाडा के दो यात्रियों को तब हुआ जब वे जलगांव से चंद्रपुरा के लिए स्लीपर क्लास में रवाना हुए।
किम ग्रीनवुड नाम के यात्री ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में बताया कि उन्होंने स्लीपर कोच इसलिए बुक किया था ताकि लंबा सफर आराम से सोकर पूरा कर सकें। लेकिन उनका यह प्लान जल्द ही बदल गया।
वीडियो में दिखता है कि उनकी सीट पर धीरे-धीरे आसपास के लोग और बच्चे आकर बैठने लगे। किम ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि स्लीपर की सीट सिर्फ आपकी नहीं होती, यह सबकी होती है।
बच्चे उनसे बात करने लगे, खेलते रहे और माहौल बिल्कुल पारिवारिक सा हो गया। कुछ ही देर में उनकी सीट के आसपास लोगों की भीड़ बढ़ गई। ऐसे में सोना तो दूर, उन्हें लगातार बातचीत और हंसी-मजाक का हिस्सा बनना पड़ा।
वे सात घंटे की यात्रा में सो नहीं पाए, लेकिन उन्होंने माना कि यह सफर वे कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने बताया कि लोग आपस में खाना बांट रहे थे और उन्हें भी खाने के लिए दे रहे थे। इस अपनापन ने उनका दिल जीत लिया।
सोशल मीडिया पर भारतीय यूजर्स ने भी इस वीडियो पर खूब कमेंट किए। किसी ने लिखा, “यही तो भारत है,” तो किसी ने कहा, “भारत में ट्रेन यात्रा फुल ऑफ लाइफ होती है।” यह वीडियो दिखाता है कि भारतीय रेल यात्रा में सिर्फ मंजिल नहीं, बल्कि रास्ते की कहानियां भी खास होती हैं।