वकील से 2 लाख रुपये का बैग छीन ले गया बंदर, पेड़ पर चढ़कर कर दी नोटों की बारिश

Monkey Snatched Money Bag : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में कोर्ट परिसर में एक बंदर वकील का 2 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर पेड़ पर चढ़ गया। इसके बाद उसने बैग खोलकर नोट नीचे फेंकने शुरू कर दिए।
A monkey snatched a lawyer’s bag containing Rs 2 lakh in Bulandshahr and scattered the cash from a tree, creating chaos in the court premises.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Monkey Throws Money : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक हैरान करने वाला और दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां कोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बंदर वकील का रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 2 लाख रुपये रखे हुए थे।

घटना शनिवार दोपहर की है, जब एडवोकेट रविंद्र कुमार अपने साथियों आमिर खान और सोहन पाल के साथ बैनामा कराने के लिए स्टांप खरीदने कचहरी पहुंचे थे। इसी दौरान एक बंदर की नजर उनके बैग पर पड़ गई और उसने झपट्टा मारकर बैग छीन लिया।

बंदर ने वकील के हाथों से छीना पैसों से भरा बैग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैग छीनने के बाद बंदर तेजी से पास के एक पेड़ पर चढ़ गया। वकील और उनके साथी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बंदर ने बैग खोल दिया। इसके बाद जो हुआ, उसे देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। बंदर ने बैग में रखे नोट एक-एक कर नीचे फेंकने शुरू कर दिए।

देखते ही देखते कोर्ट परिसर में नोटों की बारिश जैसी स्थिति बन गई। वकील और उनके साथी रुपये समेटने में जुट गए, जबकि आसपास मौजूद कई लोग भी जमीन पर गिरे नोट उठाते दिखाई दिए। इस अनोखे नजारे को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।

बंदर की इस हरकत ने लोगों को हैरान कर दिया

घटना का वीडियो वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि जब सभी नोटों को इकट्ठा किया गया तो कुल रकम में करीब 8 हजार रुपये कम पाए गए।

हालांकि बाद में वकील अपने साथियों के साथ रुपये समेटकर वहां से चले गए। कोर्ट परिसर में दिनभर इस घटना की चर्चा होती रही। वायरल वीडियो में दिख रही बंदर की इस हरकत ने लोगों को हैरान भी किया और मनोरंजन का विषय भी बना दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com