

Hyderabad Metro Video : भारत की मेट्रो सेवाओं की तारीफ अक्सर विदेशी पर्यटकों और कंटेंट क्रिएटर्स के वीडियो में देखने को मिलती है। इस बार एक ब्रिटिश व्लॉगर ने हैदराबाद मेट्रो में सफर करने का अपना अनुभव साझा कर सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है।
इशाक पैटरसन नाम के व्लॉगर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह हैदराबाद मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते और बाद में मेट्रो में सफर करते नजर आते हैं। वीडियो में वह मेट्रो की आधुनिक व्यवस्था, साफ-सफाई और सुविधाओं की खुलकर तारीफ करते दिखाई देते हैं।
वीडियो में इशाक पैटरसन मेट्रो स्टेशन और ट्रेन को देखकर काफी प्रभावित नजर आते हैं। वह कहते हैं कि हैदराबाद मेट्रो अब तक की उनकी पसंदीदा मेट्रो प्रणालियों में से एक है।
ट्रेन में प्रवेश करने के बाद उन्होंने अंदर की व्यवस्था, यात्रियों की संख्या और विज्ञापनों को भी नोटिस किया। हालांकि ट्रेन में भीड़ थी, लेकिन उन्हें सीट मिल गई।
सीट मिलने के बाद उन्होंने कहा कि ट्रेन बेहद साफ-सुथरी है, अंदर कोई कचरा नहीं दिखाई दे रहा और वातावरण भी अच्छा महसूस हो रहा है। व्लॉगर की यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और लोगों ने इसे खूब पसंद किया।
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर होने के बाद हजारों लोगों ने देखा और अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि हैदराबाद मेट्रो शहर में यात्रा का सबसे सुविधाजनक और भरोसेमंद साधन है। कुछ लोगों ने कहा कि हैदराबाद की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को जितनी पहचान मिलनी चाहिए, उतनी नहीं मिलती।
वहीं अन्य यूजर्स ने साफ-सफाई बनाए रखने के लिए यात्रियों की जागरूकता और जिम्मेदारी की भी सराहना की। वायरल वीडियो के जरिए हैदराबाद मेट्रो की सकारात्मक छवि एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।