वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
British Man Touching Elderly Feet : सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक और दिल छू लेने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक ब्रिटिश शख्स अपनी भारतीय पत्नी की 89 वर्षीय परदादी से बेहद सम्मान के साथ मिलता नजर आता है।
इस वीडियो ने यह साबित कर दिया कि प्यार और सम्मान की कोई भाषा नहीं होती। कॉनर और मृत्तिका नामक कपल द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे एक साधारण सा इशारा भी दिलों को जोड़ सकता है, भले ही भाषा और संस्कृति अलग क्यों न हो।
वीडियो में देखा जा सकता है कि ब्रिटिश युवक कॉनर, मृत्तिका की बुजुर्ग परदादी से मिलने के लिए झुककर उनके पैर छूता है, जो भारतीय संस्कृति में बड़ों से आशीर्वाद लेने का पारंपरिक तरीका है।
खास बात यह है कि दोनों एक-दूसरे की भाषा नहीं समझते, लेकिन फिर भी उनके बीच का यह सम्मान और स्नेह साफ दिखाई देता है। बुजुर्ग महिला भी बड़े प्यार से उसे आशीर्वाद देती हैं। वीडियो पर लिखा गया है, “मेरे ब्रिटिश पति और मेरी 89 वर्षीय परदादी के बीच कोई साझा भाषा नहीं है, बस सम्मान और प्यार है।”
ये खबर भी पढ़ें : फ्लाइट में ‘प्रैंक’ करने पर भड़के यूजर्स! पत्नी को सीट से हटाने की शिकायत, एयर होस्टेस का बनाया मजाक
इस वायरल वीडियो को इंस्टाग्राम पर the.brit.bong.diary नाम के हैंडल से शेयर किया गया, जिसके बाद यूजर्स ने इस पर खूब प्यार बरसाया। एक यूजर ने लिखा, “सम्मान एक ऐसी भाषा है जिसे हर कोई समझता है,” वहीं दूसरे ने कहा, “प्रेम सच में भाषा की सीमाओं से परे होता है।”
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे संस्कृतियों के खूबसूरत मेल का उदाहरण बताया। यह वीडियो एक बार फिर याद दिलाता है कि जब दिल से जुड़ाव हो, तो भाषा और सीमाएं मायने नहीं रखतीं, और परंपराएं ही इंसानों को करीब लाती हैं।