एडमिट कार्ड में कुत्ते की फोटो, सरकारी नौकरी के लिए थी भर्ती परीक्षा, बिहार से सामने आया अजीबोगरीब मामला

Recruitment Exam Viral News: आवेदन पोर्टल में फोटो अपलोड और प्रिंटिंग के दौरान कोई तकनीकी खामी या मानवीय लापरवाही रही होगी। सोशल मीडिया पर लोग इसे 'अजब-गजब' मामला बताते हुए हंसी-मजाक कर रहे हैं।
Admit card shows dog's photo, recruitment exam for government job; bizarre case emerges from Bihar
एडमिट कार्ड में कुत्ते की फोटो (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Admit Card Printed Dog Photo: बिहार के रोहतास जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां चपरासी (चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड में अभ्यर्थी की फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर छप गई। यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और भर्ती प्रक्रिया की लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहा है।

जानकारी के अनुसार यह मामला रोहतास जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल के धावा गांव का है। यहां के रहने वाले रितेश कुमार ने वर्ष 2022 में जिला एवं सत्र न्यायालय, रोहतास में चपरासी (प्यून/चतुर्थ श्रेणी) पद के लिए आवेदन किया था। आवेदन करते समय उन्होंने अपनी सही फोटो अपलोड की थी, जिसकी पुष्टि उनकी अक्नॉलेजमेंट स्लिप से भी हो रही है।

15 मार्च को होनी है परीक्षा

रोहतास में मार्च 2026 में प्रारंभिक परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं और परीक्षा की तारीख 15 मार्च 2026 तय की गई है। जब रितेश कुमार ने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो वह हैरान रह गए। एडमिट कार्ड पर उनका नाम, रोल नंबर, पिता का नाम और जन्मतिथि सहित सभी विवरण सही थे, लेकिन फोटो की जगह गोल्डन रिट्रीवर नस्ल के कुत्ते की तस्वीर छपी हुई थी।

फोटो सुधार की मांग

इस गड़बड़ी के कारण रितेश कुमार काफी परेशान हैं। उनका कहना है कि गांव में लोग इस बात को लेकर मजाक बना रहे हैं, जिससे उन्हें अपमान का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उन्हें यह भी चिंता है कि गलत फोटो के कारण परीक्षा केंद्र पर पहचान सत्यापन में समस्या आ सकती है। रितेश कुमार ने तुरंत भर्ती बोर्ड और जिला न्यायालय प्रशासन से संपर्क कर फोटो सुधार की मांग की है। उन्होंने शिकायत दर्ज कराते हुए संशोधित एडमिट कार्ड जारी करने की अपील की है।

प्रशासन की ओर से अभी बयान नहीं

अभ्यर्थी का कहना है कि आवेदन के समय सब कुछ सही था, लेकिन सिस्टम में कहीं तकनीकी गड़बड़ी होने से उनकी फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर लग गई। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, हालांकि सूत्रों के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और अभ्यर्थी को जल्द सुधारित एडमिट कार्ड जारी करने का आश्वासन दिया गया है।

परीक्षा से कुछ ही दिन पहले सामने आई इस गड़बड़ी ने अन्य अभ्यर्थियों के बीच भी चिंता बढ़ा दी है और सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीकी जांच और गुणवत्ता नियंत्रण की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com