30 रुपये के लिए यात्री से भिड़ा रेलवे टिकट क्लर्क, गाली-गलौज का वीडियो वायरल होते ही हुआ सस्पेंड

Ticket Clerk Viral Video : आनंद विहार टर्मिनल पर टिकट के 30 रुपये लौटाने को लेकर यात्री से अभद्रता करने वाले रेलवे टिकट क्लर्क को डीआरएम दिल्ली ने तत्काल प्रभाव से निलंबित किया।
A railway ticket clerk at Anand Vihar Terminal was suspended after a viral video showed him abusing a passenger over ₹30 change.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ticket Clerk Suspended : दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से रेलवे कर्मचारी के अभद्र व्यवहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में टिकट काउंटर पर तैनात एक टिकट क्लर्क यात्री से टिकट के बचे 30 रुपये लौटाने को लेकर बहस करता दिखाई देता है।

आरोप है कि यात्री ने 770 रुपये के टिकट के लिए 800 रुपये दिए थे, लेकिन शेष राशि लौटाने के बजाय कर्मचारी उससे गाली-गलौज करने लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने रेलवे प्रशासन से कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

30 रुपये के लिए यात्री से भिड़ा टिकट क्लर्क

वायरल वीडियो में टिकट क्लर्क यात्री को पैसे लौटाने की बजाय उल्टा उसी पर हावी होने की कोशिश करता नजर आता है। वह टिकट की राशि को लेकर अपनी दलील देता है, लेकिन वीडियो में ऐसा कोई स्पष्ट आधार नहीं दिखता जिससे यह साबित हो सके कि टिकट की कीमत 800 रुपये थी।

वीडियो के अंत तक यात्री को उसके 30 रुपये वापस नहीं मिलते। घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर कई यूजर्स ने साझा किया और रेलवे अधिकारियों को टैग कर कार्रवाई की मांग की।

मामला सामने आने के बाद डीआरएम दिल्ली ने जवाब देते हुए बताया कि रिकॉर्ड की गई बातचीत और घटना की गंभीरता को देखते हुए संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही रेलवे नियमों के तहत आगे की विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

वीडियो वायरल होते ही रेलवे ने किया सस्पेंड

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई यूजर्स ने रेलवे के त्वरित एक्शन की सराहना की, जबकि कुछ ने कर्मचारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की। कुछ लोगों का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों को यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए, क्योंकि वे सार्वजनिक सेवा का हिस्सा हैं।

वहीं कई यूजर्स ने यह भी लिखा कि छोटी-सी राशि के लिए अभद्रता करना और यात्री से गलत व्यवहार करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। फिलहाल रेलवे प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहा है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com