भीषण गर्मी में युवाओं ने किया ‘जल दान’, वायरल वीडियो ने जीता लोगों का दिल
Water Donation For Animal : भीषण गर्मी के बीच एक युवा द्वारा बेजुबान जानवरों के लिए पानी की व्यवस्था करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लाखों लोग सराह रहे हैं।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Animal Water Help : अप्रैल की तपती गर्मी के बीच जहां इंसान ठंडे पानी से अपनी प्यास बुझा लेता है, वहीं बेजुबान जानवरों के लिए पानी की एक-एक बूंद जुटाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे समय में एक 23 साल के युवा अजय ठाकुर ने अपनी पहल से लोगों का दिल जीत लिया है।
इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे वीडियो में दिखाया गया है कि एक गाय पानी की तलाश में सड़क किनारे बनी नांद के पास पहुंचती है, लेकिन उसमें सिर्फ गंदगी और कीचड़ भरा होता है। यह देखकर अजय और उनके दोस्त आगे आते हैं और उस टंकी को साफ करने का फैसला करते हैं।
घर के बाहर युवक ने जानवरों के लिए बनवाई पानी की टंकी
वीडियो में दिखता है कि सभी मिलकर फावड़े और बाल्टी की मदद से नांद की सफाई करते हैं, फिर उसे ब्रश से रगड़कर साफ करते हैं और पेंट करके बिल्कुल नया जैसा बना देते हैं। इसके बाद उसमें टैंकर से साफ पानी भरा जाता है।
जब गाय और अन्य जानवर वहां आकर पानी पीते हैं, तो यह दृश्य काफी भावुक कर देता है। बैकग्राउंड में बज रहा देशभक्ति गीत इस पूरे वीडियो को और भी असरदार बना देता है। 15 अप्रैल को पोस्ट किए गए इस वीडियो को अब तक 4.9 करोड़ से ज्यादा व्यूज और 34 लाख से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं।
ये खबर भी पढ़ें : Airbnb गेस्ट ने कमरे को बनाया ‘नर्क’, वायरल वीडियो देख हैरान हुए लोग
लोगों ने युवक की इस पहल की जमकर तारीफ की
अजय ठाकुर पिछले 8 महीनों से लगातार बेजुबान जानवरों के लिए पानी की व्यवस्था करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कई जगहों पर पानी की टंकियां और छोटे-छोटे जल स्रोत बनाए हैं, जहां रोज सैकड़ों जानवर प्यास बुझाते हैं।
सोशल मीडिया पर लोग उनकी इस पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं और इसे असली इंसानियत बता रहे हैं। यह वायरल वीडियो हम सभी के लिए एक सीख है कि गर्मी के मौसम में हमें भी अपने घर के बाहर या छत पर जानवरों के लिए पानी जरूर रखना चाहिए, क्योंकि ‘जल दान’ से बड़ा कोई दान नहीं होता।
