उत्तराखंड में 20 से 27 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान, BLO घर-घर जांचेंगे मतदाता सूची; जानें कैसे जुड़वाएं नाम

Uttarakhand Voter List: उत्तराखंड में 20 से 27 नवंबर तक मतदाता सूची की जांच के लिए विशेष अभियान चलेगा। BLO घर-घर जाकर विवरण सत्यापित करेंगे। नाम जुड़वाने और सुधार के लिए जानें फॉर्म की प्रक्रिया।
Uttarakhand BLO Door to Door Verification
प्रतीकात्मक फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • उत्तराखंड में 20 से 27 नवंबर 2026 तक मतदाता सूची की विशेष जांच का अभियान चलेगा।

  • नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।

  • मतदाता 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।

Uttarakhand BLO Door to Door Verification: उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अपडेट करने के लिए 20 से 27 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की गहन जांच करेंगे। एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों और मतदाता सूची में मिली गलतियों को नियमानुसार ठीक किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाना है।

मतदाता सूची में गलतियां सुधारने का मौका

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, दर्ज विवरण में गलती सुधारने या अपात्र प्रविष्टि हटाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं।

इसके लिए अलग-अलग काम के लिए तीन फॉर्म निर्धारित किए गए हैं:

  • फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।

  • फॉर्म-7: मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए।

  • फॉर्म-8: नाम, पता या अन्य दर्ज विवरण में संशोधन कराने के लिए।

Uttarakhand BLO Door to Door Verification
यूपी और उत्तराखंड के बीच पुराने विवाद सुलझाने की कवायद तेज, लखनऊ में योगी से मिले CM धामी

एक से अधिक जगह दर्ज नामों की होगी जांच

विशेष अभियान के दौरान बीएलओ यह भी जांच करेंगे कि किसी मतदाता का नाम एक ही बूथ पर या एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में तो दर्ज नहीं है। ऐसी अतिरिक्त प्रविष्टियों को चिन्हित किया जाएगा और नियमानुसार फॉर्म-7 के जरिए उन्हें हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

डॉ. पुरुषोत्तम ने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 के तहत कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में या एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से ज्यादा बार मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता।

मतदाता अपने और परिवार के सदस्यों के नाम जांच लें

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उत्तराखंड के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम, पता, आयु और अन्य विवरण ध्यान से जांच लें। यदि किसी तरह की गलती मिलती है तो निर्धारित अवधि के भीतर फॉर्म-8 भरकर संबंधित बीएलओ को जमा करें।

Uttarakhand BLO Door to Door Verification
अखिलेश के अयोध्या जाने का मुहूर्त तय, बोले- PDA के 1 करोड़ वोट कटे, CM अब बात नहीं करते, चुनाव आयोग ने डराया

अगर किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो वह फॉर्म-6 के जरिए नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकता है।

उन्होंने मतदाताओं से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से लेने की अपील भी की।

ऑनलाइन भी देख सकते हैं मतदाता सूची में अपना नाम

डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालयों, उप जिलाधिकारी कार्यालयों, तहसील कार्यालयों और संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध है।

इसके अलावा मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर भी ऑनलाइन अपना नाम और विवरण देख सकते हैं।