10 साल में 152 पेपर लीक, एक भी दोषी को सजा नहीं...छात्रों के बीच राहुल गांधी का बड़ा बयान, सरकार पर बोला हमला

Rahul Gandhi Dehradun: देहरादून में राहुल गांधी ने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में 152 पेपर लीक हुए, लेकिन किसी दोषी को सजा नहीं मिली। उन्होंने पेपर लीक में पूरे सिस्टम की संलिप्तता का आरोप लगाया।
rahul gandhi dehradun
राहुल गांधी (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Rahul Gandhi on NEET Paper Leak Issue: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देहरादून में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में देशभर में 152 पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन आज तक किसी भी दोषी को सजा नहीं मिली। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पेपर लीक के पूरे नेटवर्क में ऊपर से लेकर नीचे तक पूरा सिस्टम शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने छात्रों और प्रभावित परिवारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आज तक भारत में पेपर लीक के मामले में किसी एक व्यक्ति को भी सजा नहीं मिली है। उनका आरोप था कि पेपर लीक के लिए हाई-टेक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो देश की शिक्षा व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में इस समस्या से करीब 7.5 करोड़ छात्रों को नुकसान पहुंचा है। उनके मुताबिक, 152 मामलों की जानकारी सामने आई, जबकि कई घटनाएं ऐसी भी होती हैं जिनकी जानकारी सार्वजनिक तक नहीं पहुंचती। उन्होंने कहा कि यह छात्रों की मेहनत और ईमानदारी का अपमान है।

पेपर लीक पर राहुल गांधी का बड़ा हमला

राहुल गांधी ने कहा कि यदि कोई पेपर लीक के जरिए आगे बढ़ना चाहता है तो उसके लिए मेहनत नहीं, बल्कि सिस्टम का गलत इस्तेमाल जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि देश के 99.9 प्रतिशत युवा ईमानदारी से मेहनत करते हैं, लेकिन केवल एक प्रतिशत लोग पूरे सिस्टम का दुरुपयोग कर लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ चार तरह के अन्याय हो रहे हैं। पहला, शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है। दूसरा, युवाओं के लिए अवसर सीमित होते जा रहे हैं। तीसरा, बड़ी संख्या में छात्र प्रतिस्पर्धा के बावजूद सफलता से वंचित रह जाते हैं। और चौथा सबसे बड़ा अन्याय पेपर लीक है, जिसने मेहनती छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

'पूरा सिस्टम पेपर लीक में शामिल'

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की जड़ें पूरे सिस्टम में फैली हुई हैं। उन्होंने कहा कि निचले स्तर पर कोचिंग सेंटर, उसके ऊपर माफिया, फिर एनटीए और उसके बाद मंत्रालय तक इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत का मजाक बनाया जा रहा है।

उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद छात्रों से कहा कि यह कोई राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और युवाओं के भविष्य पर चर्चा का मंच है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के सामने मौजूद चुनौतियों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।

रिया थापा के पिता की बात सुन भावुक हुए लोग

कार्यक्रम के दौरान मंच पर पेपर लीक मामले से जुड़ी मृतका रिया थापा के पिता भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी दिन-रात मेहनत से पढ़ाई करती थी, लेकिन पेपर लीक से निराश होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। अपनी बेटी को याद करते हुए वह मंच पर भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे। उनकी बात सुनकर कार्यक्रम में मौजूद कई लोग भी भावुक हो गए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com