CBI करेगी अंकिता भंडारी केस की जांच, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की सिफारिश, अब सामने आएगा VIP का नाम?

Uttarakhand News: अंकिता भंडारी केस की जांच अब सीबीआई के हवाले कर दी गई है। उर्मिला सनावर के वायरल ऑडियो और माता-पिता की मांग के बाद राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।
ankita bhandari murder case cbi inquiry recommended by cm dhami viral audio vip link
कॉन्सेप्ट फोटो (डिजाइन)
Published on: 
Updated on: 

Ankita Bhandari Case: उत्तराखंड की चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में लंबे समय से चल रही खींचतान अब खत्म हो गई है। राज्य सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई से कराने की सिफारिश कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अंकिता के माता-पिता की भावनाओं का सम्मान करते हुए यह निर्णय लिया गया है।

इस फैसले के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है और पीड़ित परिवार को न्याय की नई उम्मीद जगी है। गौरतलब है कि अंकिता भंडारी पौड़ी जिले के एक रिसॉर्ट में काम करती थी, जहां उस पर किसी मेहमान को 'विशेष सेवा' देने का दबाव बनाया गया था। जब उसने इससे इनकार किया, तो उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

उत्तराखंड में हुए जोरदार प्रदर्शन

निचली अदालत ने रिसॉर्ट मालिक समेत तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा सुना दी थी, लेकिन हाल ही में एक वायरल ऑडियो क्लिप ने मामले को नया मोड़ दे दिया। इसमें किसी वीआईपी के शामिल होने की बात सामने आई, जिसके बाद से सीबीआई जांच की मांग को लेकर पूरे प्रदेश में प्रदर्शनों का सिलसिला चल पड़ा था।

माता-पिता से सीएम ने किया वादा

मुख्यमंत्री धामी ने इस फैसले को लेकर एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने बिना भेदभाव के कार्रवाई की थी। तत्काल महिला आईपीएस के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई, जिसके चलते आरोपियों को जमानत नहीं मिली और उन्हें आजीवन कारावास की सजा हुई। सीएम ने कहा कि सरकार ने शुरू से पारदर्शिता बरती है।

अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी ने बुधवार देर रात मुख्यमंत्री आवास में उनसे मुलाकात की थी। सीएम ने कहा कि सबसे ज्यादा पीड़ित माता-पिता हैं, इसलिए उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए सीबीआई जांच की सिफारिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक फायदे के लिए भ्रम फैला रहे हैं, लेकिन सरकार जनभावनाओं का सम्मान करती है।

वायरल ऑडियो में VIP का जिक्र

यह मामला तब फिर से सुर्खियों में आया जब अभिनेत्री उर्मिला सनावर का एक ऑडियो वायरल हुआ। सनावर, जो भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी बताई जाती हैं। सनावर की ऑडियो क्लिप में राठौड़ कथित तौर पर उस VIP के रूप में दुष्यंत कुमार गौतम और पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ नेता का नाम लेते सुनाई दे रहे हैं।

सनावर ने हत्या में किसी कथित वीआईपी के शामिल होने की बात कहकर सियासी भूचाल ला दिया था। इसके बाद कांग्रेस और अन्य संगठनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिए। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने साफ किया है कि देवभूमि में कानून का राज है और बेटी अंकिता को न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com