

चार करोड़ से अधिक महिलाओं के खाते में सीधे पैसे भेजने की संभावना
अखिलेश यादव की ₹40 हजार देने की घोषणा का राजनीतिक जवाब मानी जा रही पहल
चुनाव आचार संहिता से पहले औपचारिक ऐलान की चर्चा
UP Government Big Gift To Women: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी आदित्यनाथ सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठा सकती है। महिलाओं के बैंक खातों में एक निश्चित राशि सीधे ट्रांसफर करने की योजना का ऐलान जल्द होने की संभावना है। इसे अखिलेश यादव के चुनाव जीतने पर महिलाओं को ₹40000 देने वाली घोषणा का राजनीतिक जवाब समझा जा रहा है।
बीजेपी ने चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले योजना को अमलीजामा पहनाने की तैयारी पूरी कर ली है और अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी है। इस पहल के जरिए प्रदेश की चार करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ पहुंचाया जा सकता है। इसके लागू होने से खासकर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश में छह करोड़ से ज्यादा महिला मतदाताओं में से करीब 66 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना के दायरे में लाया जा सकता है। 10 अप्रैल को जारी एसआईआर के आंकड़ों के मुताबिक, यूपी में प्रति 100 पुरुष मतदाताओं पर 834 महिला मतदाता हैं।
माना जा रहा है कि जल्द ही इस संबंध में औपचारिक घोषणा हो सकती है। इससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की पात्र महिलाओं को आर्थिक मदद मिल सकेगी। प्रदेश में महिला मतदाताओं की इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए विधानसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल इस वर्ग को साधने की रणनीति बना रहे हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव से पहले भी बीजेपी गठबंधन और समाजवादी गठबंधन द्वारा इसी तरह की लोक लुभावन घोषणाएं की गई थी। हालांकि योगी सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाओं पर गंभीरता से काम किया है और केंद्र सरकार की भी कई महिला केंद्रित योजनाएं उत्तर प्रदेश में सफलतापूर्वक चल रही हैं लेकिन इस तरह की आर्थिक मदद या पैसा बांटने की घोषणाओं को विशुद्ध राजनीतिक हथकंडा माना जा रहा है।