

Varanasi Police Arrest Insurance Fraud Gang: वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम टीम को बड़ी सफलता मिली है। इन्श्योरेन्स पॉलिसी का प्रीमियम जमा कराने, अपडेट करने और अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना समेत पांच शातिर साइबर अपराधियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।
मामला उस समय सामने आया जब वाराणसी के एक व्यक्ति ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई कि खुद को रिलायंस निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस का कर्मचारी और अधिकारी बताने वाले ठगों ने उनकी 12 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त अपराध नीतू कादयान, अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र और सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध विदुष सक्सेना के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर दिल्ली में दबिश देकर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले से इंश्योरेंस पॉलिसी धारकों का डेटा हासिल करते थे। इसके बाद खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर प्रीमियम अपडेट कराने या अधिक लाभ दिलाने का लालच देकर लोगों से रकम अपने खातों में ट्रांसफर कराते थे। ठगी की रकम फर्जी म्यूल बैंक खातों में भेजकर कई स्तरों पर घुमाई जाती थी और बाद में नकद निकाल ली जाती थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 65 हजार रुपये नकद और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंकिंग या इंश्योरेंस संबंधी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध कॉल की तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत करें।