वाराणसी के अजगरा में गंगा-गोमती का बढ़ा जलस्तर, विधायक त्रिभुवन राम ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

Varanasi Flood News: वाराणसी के अजगरा में गंगा-गोमती का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का संकट गहराया। विधायक त्रिभुवन राम ने नाव से प्रभावित गांवों का दौरा कर फसल, मकान और राहत व्यवस्था का जायजा लिया।
Varanasi Flood Situation Ganga-Gomti Water Levels Rise MLA Inspects Affected Areas by Boat
विधायक त्रिभुवन राम(सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Varanasi Flood Affected Villages: अजगरा विधानसभा क्षेत्र में गंगा और गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के ऊपर पहुंचने के साथ ही गोमती नदी में पलट प्रवाह का असर भी तटवर्ती क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। ऐसे में प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों ने भी प्रभावित इलाकों का दौरा तेज कर दिया है।

बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने अधिकारियों और राजस्व विभाग की टीम के साथ गंगा-गोमती के तटवर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण किया। विधायक ने नाव के माध्यम से संकुलपुर, चंद्रावती, रामपुर, ढाखवा, कैथी, राजवाड़ी, टेकुरी, लक्ष्मीसेनपुर, भगवानपुर, धौरहरा, हरिहरपुर, पिपरी और राजला सहित कई बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया।

बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर सुनीं उनकी समस्याएं

इस दौरान विधायक ने बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही किसानों की फसलों को हुए नुकसान का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्तर कम होने के बाद बाढ़ से क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वे कराया जाए और किसानों को उचित एवं समुचित मुआवजा दिलाने के लिए रिपोर्ट शासन को भेजी जाए।

Varanasi Flood Situation Ganga-Gomti Water Levels Rise MLA Inspects Affected Areas by Boat
आगरा में BJP के खिलाफ सवर्ण समाज का सत्याग्रह ऐलान, बोले- 1980 का दौर लौटाएंगे, दो सीटों तक पहुंचाएंगे

विधायक त्रिभुवन राम ने राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, बच्चों के लिए दूध तथा पशुओं के लिए चारे सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के निर्देश पर वाराणसी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और शासन स्तर से हर संभव सहायता प्रभावित लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

दवाओं और एंटी-वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीमें भी सक्रिय हैं। जहरीले जीव-जंतुओं के काटने की आशंका को देखते हुए आवश्यक दवाओं और एंटी-वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान चंद्रावती और रामपुर गांव में कुछ कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई। प्रभावित महिलाओं ने विधायक से मुआवजे की मांग की। इस पर विधायक ने मौके पर लेखपाल को बुलाकर क्षति का तत्काल आकलन करने और रिपोर्ट तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। विधायक ने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि नियमानुसार उन्हें समुचित मुआवजा दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com