

BJP Meeting For Graduate Constituency Election: अक्टूबर को भाजपा महानगर कार्यालय गुलाबबाग में स्नातक निर्वाचन जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने सांगठनिक ताकत झोंकने की तैयारी शुरू कर दी है। मतदाता सूची के सत्यापन से लेकर बूथ स्तर पर जनसंपर्क और मतदान की तकनीकी बारीकियों तक पार्टी ने चुनावी रणनीति का खाका तैयार किया है।
भारतीय जनता पार्टी महानगर की समीक्षा बैठक में कार्यकर्ताओं को प्रत्येक स्नातक मतदाता तक पहुंचने, मतदाता सूची की त्रुटियां दूर करने और मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गलती से बचने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आगामी 23 तारीख को प्रस्तावित मतदान को लेकर चर्चा हुई। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होना है। कार्यकर्ताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देते हुए चुनाव संचालन प्रमुख पूर्व प्रदेश मंत्री संजय राय ने बताया कि मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के नियमों का सही ढंग से पालन करना आवश्यक है। मतदाताओं को निर्धारित तरीके से अपनी वरीयता दर्ज करने और मतदान केंद्र पर उपलब्ध अधिकृत पेन का ही इस्तेमाल करने के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया।
पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं चुनाव संचालन समिति सह प्रमुख सुधीर मिश्रा ने बताया कि सांगठनिक सक्रियता बढ़ाने के लिए संचालन समिति के सदस्यों को प्रतिदिन तीन से चार घंटे तथा विधानसभा प्रभारियों और सह-प्रभारियों को कम से कम एक घंटा कार्यालय में समय देने का निर्देश दिया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समन्वय केंद्र संचालित करने की योजना बनाई गई, जहां से चुनाव संबंधी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
पूर्व महापौर एवं मतदाता संपर्क प्रमुख राम गोपाल मोहले ने कहा बूथ अध्यक्षों को अपने बूथ पर मतदान सुनिश्चित कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने तथा पार्षदों को कम से कम 50 मतदाताओं से संपर्क करने का लक्ष्य दिया जाय।कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की गई।
मतदाता सूची में नाम खोजने और विवरण का सत्यापन करने के लिए मोबाइल ऐप की सहायता लेने पर जोर दिया गया। इसके माध्यम से मतदाता का नाम और पिता का नाम दर्ज कर संबंधित विवरण प्राप्त करने की व्यवस्था बताई गई। सूची में नामों की वर्तनी संबंधी गड़बड़ियों को दूर करने के लिए डिजिटल और हस्तलिखित सूचियों का मिलान करने तथा विसंगतियां मिलने पर संबंधित कार्यालय को जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कार्यकर्ताओं को संपर्क अभियान के दौरान विनम्रता बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया की जानकारी अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचाने को कहा गया। साथ ही वरीयता आधारित मतदान में द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ वरीयता के महत्व को भी समझाया गया।
कार्यक्रम का संचालन महानगर उपाध्यक्ष राहुल सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन महानगर महामंत्री अशोक जाटव ने किया। बैठक में महानगर मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय,राजेश त्रिवेदी,अजय गुप्ता, प्रमोद यादव मुन्ना, अरविंद सिंह, प्रज्ञा पांडेय, राजकुमार यादव, राकेश जायसवाल, अनिल उपाध्याय, मधुप सिंह, जगन्नाथ ओझा, किशोर पाण्डेय ,राकेश मोहन दीक्षित,प्रिंस द्विवेदी,अरुण कुमार सिंह,पिंटू जायसवाल आदि रहे।