

Ban On Meat Shop During Sawan: वाराणसी सावन के पवित्र महीने के दृष्टिगत नगर क्षेत्र में मांस, मछली और मुर्गे की दुकानों के संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन कराने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है।
जनभावनाओं और धार्मिक पवित्रता को ध्यान में रखते हुए बनाए गए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ शनिवार को निगम की टीम ने शहर भर में बड़ा अभियान चलाया।
इस कड़ी में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर नगर निगम की पशु विभाग और प्रवर्तन टीम ने चितई पुर थानाध्यक्ष और पुलिस बल के साथ अवलेशपुर क्षेत्र में कड़ा रुख अपनाते हुए अवैध रूप से संचालित 12 दुकानों को जेसीबी के माध्यम से ध्वस्त कर दिया।
इसके साथ ही मौके से आठ जालियां भी जब्त की गईं। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप का माहौल रहा। नगर निगम की टीम ने इसके अलावा शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में भी औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा. विजय अमृतराज ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी शहर के अलग-अलग वार्डों और मुख्य बाजारों में इस तरह का औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि यदि कोई दुकानदार दोबारा नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया, तो उस पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ विधिक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।