वाराणसी में अवैध कोचिंग संस्थानों पर बड़ा एक्शन, 8 सेंटर सील; 15 दिन तक चलेगा विशेष अभियान

Varanasi Coaching Institutes: लखनऊ कोचिंग हादसे के बाद वाराणसी में वीडीए और अग्निशमन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अवैध कोचिंग संस्थानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 सेंटर को सील कर दिया गया।
Major Crackdown on Illegal Coaching Institutes Varanasi, 8 Centres Sealed
वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

VDA Action Varanasi Coaching Institutes: वाराणसी में अब नियमों की अनदेखी कर कोचिंग संस्थान चलाने वालों की खैर नहीं है। वाराणसी विकास प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से शहर में संचालित अवैध कोचिंग संस्थानों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। पहले ही दिन कार्रवाई करते हुए 8 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया, जबकि आगामी 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर मानकों के विपरीत संचालित संस्थानों की जांच की जाएगी।

वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने खुद किया निरीक्षण

लखनऊ में हुए हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी के तहत वाराणसी विकास प्राधिकरण ने अग्निशमन विभाग के साथ मिलकर शहर के चारों जोनों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कई कोचिंग संस्थान बिना स्वीकृत मानचित्र, भवन सुरक्षा मानकों और आवश्यक अनुमतियों के संचालित होते पाए गए। कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुद वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा भी अधिकारियों के साथ ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एलेन कोचिंग सेंटर की दो शाखाओं सहित ब्रह्मानंद कॉलोनी, दुर्गाकुंड में संचालित एल-1 कोचिंग, आकाश इंस्टीट्यूट और महेंद्रा कोचिंग समेत कुल 8 संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए परिसरों को सील कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार ये संस्थान निर्धारित भवन मानकों और स्वीकृत नक्शे के अनुरूप संचालित नहीं पाए गए।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खिलाफ जारी रहेगी कठोर कार्रवाई

वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और भवनों की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित करना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना स्वीकृति अथवा नियमों के विपरीत संचालित किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी कोचिंग संचालकों और भवन स्वामियों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है। वहीं अग्निशमन विभाग भी फायर एनओसी और सुरक्षा मानकों को लेकर विशेष जांच अभियान चला रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com