

तमिलनाडु के छात्रों के एक दल ने किया हनुमान घाट का भ्रमण, गंगा स्नान कर की पूजा-अर्चना
हनुमान घाट पर तमिल परिवारों के 150 से अधिक घर, दिखती है काशी और तमिलनाडु की साझा सांस्कृतिक परंपराओं की झलक
वाराणसी में आयोजित है काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण
Tamil students visit Hanuman Ghat: वाराणसी में चल रहे 'काशी तमिल संगमम 5.0' में शामिल होने आए तमिलनाडु के छात्रों के एक दल ने रविवार को हनुमान घाट का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मां गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना की। आचार्यों ने उन्हें काशी के विभिन्न घाटों के धार्मिक महत्व और उनके सदियों पुराने इतिहास से रूबरू कराया।
गंगा स्नान के बाद विद्यार्थियों ने घाट पर स्थित प्राचीन मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्हें मंदिरों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, धार्मिक मान्यताओं और स्थापत्य कला के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद विद्यार्थियों का दल हनुमान घाट स्थित महान तमिल कवि एवं स्वतंत्रता सेनानी सुब्रमण्यम भारती के आवास पहुंचा।
यहां उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उनके जीवन, साहित्यिक योगदान तथा काशी से उनके जुड़ाव के बारे में जाना। विद्यार्थियों ने आवास के समीप स्थित पुस्तकालय का भी भ्रमण किया। इसके बाद दल ने कांची मठ का दौरा किया और उसके इतिहास एवं धार्मिक परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
पं. वेंकट रमण गणपति ने बताया कि काशी और तमिलनाडु के बीच संबंध सदियों पुराने हैं। उन्होंने कहा कि हनुमान घाट, केदार घाट और हरिश्चंद्र घाट पर तमिल संस्कृति की गहरी छाप देखने को मिलती है। इन क्षेत्रों में दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों के हजारों परिवार पीढ़ियों से रह रहे हैं।
अकेले हनुमान घाट पर तमिल परिवारों के 150 से अधिक घर हैं। यहां की गलियों में आज भी काशी और तमिलनाडु की साझा सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों के बीच यह ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जुड़ाव काशी तमिल संगमम की मूल भावना को दर्शाता है।
विद्यार्थी दल में शामिल राम प्रसाद ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अब तक उन्होंने काशी के मंदिरों और उनके इतिहास के बारे में तस्वीरों तथा पुस्तकों के माध्यम से ही जाना था। उन्होंने कहा कि यहां आकर गंगा स्नान करने और मंदिरों में दर्शन करने का अवसर मिलना उनके लिए विशेष अनुभव रहा। सरकार और विश्वविद्यालय की पहल से उन्हें यह अवसर मिला। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और गंगा स्नान को अपने लिए यादगार अनुभव बताया।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित काशी तमिल संगमम का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को सुदृढ़ करना तथा दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच आपसी समझ को बढ़ावा देना है। काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण इसी उद्देश्य के साथ आयोजित किया जा रहा है।