वाराणसी में ग्रैंड ओपनिंग से पहले रेस्टोरेंट पर टूटा बुलडोजर का कहर, पीडब्ल्यूडी बोला- नुकसान की भरपाई करेंगे

Bulldozer Action Varanasi: वाराणसी में फोरलेन परियोजना के ध्वस्तीकरण के दौरान बिजली का खंभा नवाबी ज़ायका रेस्टोरेंट पर गिर गया। आज रेस्टोरेंट की ग्रैंड ओपनिंग होनी थी, आज ही उसे भारी नुकसान पहुंचा।
Bulldozer Action Damages Restaurant Grand Opening Day Varanasi PWD Compensation
ध्वस्तीकरण कार्रवाई (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Bulldozer Action Varanasi Development Project: वाराणसी के गोलघर चौराहे से संदहा के बीच करीब 9.5 किमी लम्बी फोर लेन की जद में आ रहे मकानों को बुलडोजर से गिराया जा रहा था, उसी दौरान अकबर खान का मकान तोड़ने के क्रम में बुलडोजर ने बिजली के खम्भे पर प्रहार किया और खम्भा बगल के रेस्टोरेंट नवाबी ज़ायका पर गिर पड़ा जिसका आज भव्य शुभारम्भ होना था।

ग्रैंड ओपनिंग की तैयारी में जुटे राजू अली और उनके स्टॉफ के लोग घबराते हुए बाहर भागकर आएं बिजली के खम्भे के गिरने से रेस्टोरेंट का एक हिस्सा बुरी तरह से क्षति ग्रस्त हो गया शीशे टूट गएं और बिजली का तार टूट गया।  राजू अली पीडब्लूडी के अधिकारी से उलझ गएं कि जब बुलडोजर बगल के अकबर खान के मकान पर चलना था तो मेरा रेस्टोरेंट क्यूं तोड़ा?

पीडब्लूडी के अधिकारी ने कहा कि जानबूझकर ऐसा नही किया गया है, ये ग़लती से हुआ है इसके लिए हम नुकसान भर देंगे। बिजली के खम्भे के गिरने से पूरे मोहल्ले की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। लोगों ने बुलडोजर चलाने के तरीके पर सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों ने कहा कि किसी मापदंड का कोई ख़्याल नही रखा जा रहा है और आम लोगों को इसका नुकसान हो रहा है। बिजली के खम्भे के गिरने से बिजली का तार कई जगहों से टूट गया है और अब दो तीन दिन तक बिजली आने की कोई उम्मीद नही है।

आधा दर्जन जगहों पर चल रहा है बुलडोजर

वाराणसी में इस समय आधा दर्जन जगहों पर विकास कार्यों के मद्देनज़र बुलडोजर की कार्रवाई चल रही है। दालमंडी में चौड़ी करण की परियोजना को लेकर बुलडोजर की कार्रवाई चल रही है। 220 करोड़ के इस प्रोजेक्ट में 650 मीटर लम्बी सड़क को 17.4 मीटर तक चौड़ा करना है। अब तक 160 भवन दालमंडी में तोड़े गए हैं।

बुलडोजर के सहारे काशी स्टेशन का विस्तार

3000 करोड़ की लागत से इस समय काशी स्टेशन का विस्तार किया जा रहा है. मल्टी मॉडल हब के रूप में काशी स्टेशन को डेवलप किया जा रहा है। एक्सपैंशन के जद में आ रहे एक हनुमान मंदिर, मजार और दो सौ साल पुराने अजगैब शहीद मस्जिद पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। फिलहाल काशी स्टेशन के करीब एक हज़ार साल पुराने गंज-ए-शहीदा मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर विवाद चल रहा है।

कचहरी के गोलघर से संदहा तक का फोरलेन बुलडोजर के सहारे

कचहरी से संदहा के बीच 316 करोड़ की लागत से 9.5 किमी लम्बी फोर लेन का लक्ष्य पूरा करने में बुलडोजर का सहारा लिया जा रहा है। कई महीने से ये प्रोजेक्ट चल रहा है जिसमें भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान मरहूम पद्मश्री मोहम्मद शाहिद के मकान सहित साठ से ज़्यादा मकान/दुकान तोड़े गए हैं।

लहरतारा इलाके में भी बुलडोजर का कहर

मुख्य रूप से लहरतारा-बौलिया तिराहे से लेकर कैंट तक के मार्ग और लहरतारा से बीएचयू, रविंद्रपुरी होते हुए विजया सिनेमा तक के हिस्से को 4 से 6 लेन में विकसित करने की योजना पर कार्य चल रहा है.और कई महीने से यहां बुलडोजर के सहारे चौड़ीकरण चल रहा है। ढाई सौ करोड़ का ये प्रोजेक्ट 9.5 किमी लम्बी फोर लेन /सिक्स लेन करने के लिए अब तक सौ से ज़्यादा मकान /दुकान तोड़ दिए गए हैं जिसमें चाची कचौड़ी की सौ साल पुरानी दुकान और पहलवान लस्सी की भी दुकान शामिल है।

अवलेश पुर में अवैध निर्माण के ख़िलाफ कार्रवाई

वाराणसी के रोहनिया स्थित अवलेशपुर में महीने भर पहले नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ पहुंची। टीम ने अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाकर कई निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान तीन थानों की पुलिस फोर्स और दो प्लाटून पीएसी तथा महिला पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। अभी भी अवैध निर्माण को लेकर विभिन्न एजेंसी सतर्क हैं।

कैथी-मार्कण्डेय महादेव इलाके में भी बुलडोजर गरजा

पिछले साल भर से कैथी चौराहे से मार्कंडेय महादेव मंदिर धाम तक जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण का काम चल रहा है. इसकी जद में आ रहे सौ से ज़्यादा मकान तोड़े गए हैं। तीन मकान अभी भी तोड़ा जाना है लेकिन वो मामला फिलहाल हाईकोर्ट में है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com