

Highlights:
स्नातक एमएलसी चुनाव में जीत के बाद नवभारत से खास बातचीत
सपा प्रत्याशी ने कहा- सेमीफाइनल में डबल इंजन की सरकार को जनता ने नकारा
अब भाजपा पूरी लड़ाई के लिए तैयार रहे
Ashutosh Sinha Statement On UP MLC Election Result: स्नातक एमएलसी चुनाव में जीत के बाद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने इसे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का आगाज बताया। नवभारत से खास बातचीत में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सेमीफाइनल था, जिसमें समाजवादी पार्टी ने डबल इंजन की सरकार को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार पूरी लड़ाई के लिए तैयार रहे। आगामी चुनाव में मुकाबला आमने-सामने का होगा।
आशुतोष सिन्हा ने कहा कि एमएलसी चुनाव के नतीजे प्रदेश की राजनीतिक दिशा का संकेत हैं। समाजवादी पार्टी की इस जीत से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और भाजपा को कड़ी चुनौती देगी।
स्नातक एमएलसी चुनाव के नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी इसे आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है। आशुतोष सिन्हा के बयान से साफ है कि पार्टी इस जीत को राजनीतिक बढ़त के रूप में पेश कर रही है। वहीं, भाजपा के लिए यह नतीजा आगामी चुनावों से पहले सियासी समीकरणों पर मंथन का विषय बन सकता है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव में मतगणना के तीसरे दिन 11 में से 11 निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं। घोषित नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने छह सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि समाजवादी पार्टी (SP) के खाते में 5 सीटें आई हैं। वाराणसी में सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नारेबाजी की।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। बुधवार तक नौ सीटों के परिणाम घोषित हुए थे।