इनामी बदमाशों का काल बनी यूपी पुलिस! लखनऊ से लेकर बुलंदशहर में खूंखार अपराधी ढेर, देखिए एनकाउंटर की पूरी लिस्ट

UP Police Encounter: उत्तर प्रदेश में पुलिस और एसटीएफ ने पिछले 24 घंटों में लखनऊ और पीलीभीत समेत छह जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सात बड़े अपराधियों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
UP Police STF Encounter
यूपी पुलिस ने पिछले 24 घंटों में कई खूंखार अपराधियों को ढेर किया (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

UP Police STF Encounter 2026: उत्तर प्रदेश में पुलिस और एसटीएफ अपराधियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहे हैं। पिछले 24 घंटों में पुलिस ने लखनऊ समेत प्रदेश के छह जिलों में सात बड़े अपराधियों को एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो इनामी बदमाशों को मार गिराया है। इसमें से एक पर एक लाख रुपये, जबकि‍ दूसरे पर 1 लाख 75 हजार रुपये का इनाम था।

पुलिस मुठभेड़ में मारा गया इनामी बदमाश संजय

लखनऊ पुलिस की शनिवार को इंदिरा कैनाल रोड पर एक लाख रुपये के इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव से मुठभेड़ हो गई। पुलिस सूचना के आधार पर संजय को पकड़ने गई थी। लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए संजय ने गोलीबारी करना शुरु कर दिया। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ले गई जहां डॉक्‍टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

संजय अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र का रहने वाला था। वह 27 मई 2026 को लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर और फरार आरोपी था। इस मामले में लखनऊ पुलिस ने उस पर एक लाख का इनाम रखा था। संजय एक आदतन अपराधी था और उसके खिलाफ अंबेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या समेत कई और जिलों में मामले दर्ज थे। इनमें हत्या और अन्य गंभीर मामले भी थे।

1 लाख 75 हजार रुपये के इनामी पीलीभीत में ढेर

लखनऊ की तरह पीलीभीत में भी पुलिस ने 1 लाख 75 हजार रुपये के इनामी बदमाश शिवम उर्फ सरबजीत को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। पीलीभीत के एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि  28 मई को पप्पू गुप्ता की हत्या हो गई थी। इस मामले में कई आरोपी पहले ही जेल में थे। जबकि मुख्य आरोपी शिवम फरार चल रहा था।

पुलिस मुखबिर की सूचना पर शिवम को पकड़ने के लिए पहुंची थी। जब पुलिस उसे पकड़ने पहुंची तो उसने गोली चलानी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे बदमाश घायल हो गया। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्‍टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है।

बहराइच में मुठभेड़ के बाद दो अपराधी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बहराइच में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक पर 50 हजार का रुपये का इनाम था। मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों का फिलहाल अस्पताल में इलाज जारी है।

अलीगढ़ में इनामी गोकश पुलिस मुठभेड़ में ग‍िरफ्तार

अलीगढ़ में थाना जवां पुलिस और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग (नगर) की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी गोकश फरमान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक फरमान, शाहिद का पुत्र है और शाहजमाल क्षेत्र की काठे वाली गली का निवासी है। मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

50 हजार रुपये का इनामी था मुल्कराज

इसी कड़ी में पुलिस ने कैसरगंज थाना क्षेत्र के रुक्नापुर के पास दूसरी मुठभेड़ में फरार आरोपी मुल्कराज को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से भी एक अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मुल्कराज बाघौली क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

बुलंदशहर में रेप का आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी इरफान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।

बदायूं में रेप का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

बदायूं में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में 60 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने गई टीम पर उसने फायरिंग कर दी, जिसमें एक दरोगा घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com