

UP MLC Election Results 2026: उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव में एक स्नातक और पांच शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। घोषित नतीजों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चार सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) के खाते में दो सीटें गई हैं। चुनाव परिणामों में भाजपा ने स्नातक क्षेत्र की एक सीट और शिक्षक क्षेत्र की तीन सीटों पर कब्जा जमाया। वहीं, सपा ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की दो सीटों पर जीत दर्ज की।
घोषित परिणामों के अनुसार, मेरठ स्नातक क्षेत्र से दिनेश कुमार गोयल ने जीत हासिल की है। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ से उमेश द्विवेदी और मेरठ से चंद्र शर्मा भाजपा के टिकट पर विजयी घोषित किए गए हैं।
सपा ने वाराणसी शिक्षक क्षेत्र से लाल बिहारी यादव और आगरा शिक्षक क्षेत्र से डॉ. आकाश अग्रवाल के जरिए जीत दर्ज की। इसके अलावा, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र से भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों विजयी घोषित किए गए हैं।
घोषित परिणाम निम्नवत हैं-
मेरठ स्नातक क्षेत्र- दिनेश कुमार गोयल (भारतीय जनता पार्टी)
लखनऊ शिक्षक क्षेत्र- उमेश द्विवेदी (भारतीय जनता पार्टी)
वाराणसी शिक्षक क्षेत्र- लाल बिहारी यादव (समाजवादी पार्टी)
आगरा शिक्षक क्षेत्र- डॉo आकाश अग्रवाल (समाजवादी पार्टी)
मेरठ शिक्षक क्षेत्र- श्री चंद्र शर्मा (भारतीय जनता पार्टी)
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र- डाo हरि सिंह ढिल्लो (भारतीय जनता पार्टी)