

26 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश: यूपी सरकार की 2026 की अवकाश सूची में महर्षि वाल्मीकि जयंती शामिल है।
75 जिलों में कार्यक्रम: मंदिरों और रामायण से जुड़े स्थलों पर दीपदान, रामायण पाठ और सांस्कृतिक आयोजन होंगे।
निजी स्कूलों पर अपडेट: निजी स्कूलों में छुट्टी की पुष्टि संबंधित स्कूल के आदेश से करें।
UP School Holiday: उत्तर प्रदेश में 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। राज्य सरकार की वर्ष 2026 की अवकाश सूची में इस दिन को सार्वजनिक अवकाश के रूप में शामिल किया गया है। इसके चलते सरकारी कार्यालयों और सरकारी स्कूलों में छुट्टी रहेगी। निजी स्कूलों में भी अवकाश रहने की संभावना है, हालांकि इसके लिए संबंधित स्कूल के आदेश की पुष्टि कर लें।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर योगी सरकार प्रदेश के सभी 75 जिलों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वाल्मीकि मंदिरों और रामायण से जुड़े प्रमुख स्थलों पर दीपदान, रामायण पाठ, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर कार्यक्रम जिला, तहसील और विकासखंड स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। आयोजन स्थलों पर पूजन-हवन, दीप प्रज्ज्वलन, रामायण पाठ और लव-कुश प्रसंग से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
सरकार का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि की रचना रामायण में निहित मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय मूल्यों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने आयोजनों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, ध्वनि और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली मानी जाने वाली लालापुर, चित्रकूट में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां रामलीला मंचन, वाल्मीकि रामायण पाठ, भजन संध्या और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। नदी के घाट पर वाल्मीकि आरती भी आयोजित की जाएगी।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा के मुताबिक, कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर राजापुर स्थित तुलसीदास आश्रम, कानपुर के बिठूर स्थित वाल्मीकि आश्रम, श्रावस्ती, अयोध्या और प्रयागराज समेत कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन आयोजनों के जरिए स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलेगा। प्रदेश सरकार का जोर धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और इन स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से प्रोत्साहित करने पर है।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 26 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। ऐसे में सरकारी स्कूलों में नियमित कक्षाएं नहीं चलेंगी। निजी स्कूलों की छुट्टी की स्थिति संबंधित स्कूल या जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार स्पष्ट होगी।अभिभावकों और विद्यार्थियों को सलाह है कि स्कूल की ओर से जारी सूचना भी देख लें।