फिरोजाबाद में 5 बीघा जमीन के लिए खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में किसान की मौत, 5 घायल
Firing in Firozabad: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। ताबड़तोड़ फायरिंग में एक किसान की जान चली गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
घटना की जानकारी देते पुलिस अधिकारी, इनसेट में मृतक, फोटो- सोशल मीडिया
Farmer Murder in Firozabad: फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में सोमवार रात जमीन की रंजिश ने खूनी मोड़ ले लिया। नंदराम की मढैया गांव में पांच बीघा जमीन के विवाद में एक पक्ष ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें 45 वर्षीय किसान सत्यभान की मौके पर ही मौत हो गई और उनके परिजन लहूलुहान हो गए।
घटना सोमवार रात करीब 9 बजे की है जब किसान सत्यभान अपने खेत से काम कर घर लौट रहे थे। सूत्रों के अनुसार, गांव के ही एक दूसरे परिवार के साथ उनका पांच बीघा जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था,। जैसे ही सत्यभान रास्ते में पहुंचे, दूसरे पक्ष ने उन्हें घेर लिया और उन पर गोलियां बरसा दीं। उनकी पत्नी राधा के अनुसार, हमलावरों ने उन्हें संभलने का एक भी मौका नहीं दिया और गोली लगते ही उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बीच-बचाव करने आए परिजन भी हुए लहूलुहान
फायरिंग की आवाज सुनकर जब सत्यभान का परिवार उन्हें बचाने दौड़ा, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस संघर्ष में मृतक के तीन बेटे (गुलशन, शिवम और लवकुश), भाई राजपाल और पत्नी राधा सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए,। इसके अलावा उनके भतीजे शिव कुमार को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही नसीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए शिकोहाबाद के संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी ने जानकारी दी है। जिला पुलिस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए घटना के बारे में बताया-
सम्बंधित ख़बरें
‘नदियों की सफाई के नाम पर हुआ हजारों करोड़ का भ्रष्टाचार’, सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा आरोप
कानपुर के मशहूर ‘बोतल बाबा’ पर लगा दुष्कर्म के प्रयास का संगीन आरोप, मचा हड़कंप, देखें VIDEO
NEET UG Re-Exam: हाथरस में नीट की पुनर्परीक्षा को लेकर सुरक्षा सख्त, परीक्षा केंद्रों पर 200 पुलिसकर्मी तैनात
अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद का योगी सरकार पर हमला, चढ़ावा मामले में SIT जांच को बताया दिखावा
जनपद फिरोजाबाद के थाना नसीरपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम नंदराम की मढैया में दो पक्षों के मध्य जमीनी विवाद के कारण हुई कहासुनी के दौरान की गयी फायरिंग में एक व्यक्ति सत्यभान पुत्र मातादीन को पेट में गोली लगने के कारण सत्यभान की मृत्यु हो जाने एवं 01 अन्य घायल की स्थिति सामान्य होने व… pic.twitter.com/pfxF4P9B6B — Firozabad Police (@firozabadpolice) December 29, 2025
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ सिरसागंज अनीवेश सिंह ने जानकारी दी कि शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेज दिया गया है और पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस अब इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार लाइसेंसी थे या अवैध। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा कर रहे हैं।
