

Highlights
27 से 30 अक्टूबर तक होंगे इंटरव्यू
एडेड और महिला महाविद्यालयों में प्राचार्य भर्ती तेज
आयोग की वेबसाइट पर देखें परीक्षा परिणाम
आरटीआई से नहीं मिलेगा अलग जवाब
UP Principal Recruitment Result 2026: उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों और महिला महाविद्यालयों में प्राचार्य पद पर भर्ती की प्रक्रिया तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 111 पदों पर चयन के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की सूची साक्षात्कार के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। अब चयनित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरना होगा। आयोग ने इसके लिए 27 से 30 अक्टूबर 2026 तक की तारीख निर्धारित की है।
आयोग के इस निर्णय से लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिली है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब साक्षात्कार की तैयारी करनी होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या 02/2022 के तहत प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और महिला महाविद्यालयों में प्राचार्य के 111 पदों पर चयन के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। इन पदों पर चयन के लिए लिखित परीक्षा 24 सितंबर 2026 को आयोजित की गई थी। एक माह के अंदर आयोग परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा के बाद आयोग ने 26 सितंबर को अंतिम उत्तरकुंजी (आंसर-की) जारी की थी।
अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आपत्तियां भी मांगी गई थीं। प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण और उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद आयोग ने लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए योग्य घोषित किया गया है।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने परिणाम जारी किए जाने की जानकारी दी। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के मुताबिक सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 27 से 30 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे वेबसाइट पर उपलब्ध परिणाम और साक्षात्कार से संबंधित सूचनाओं का अवलोकन करें।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि घोषित परीक्षा परिणाम के संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत अलग से कोई प्रार्थनापत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को परिणाम से संबंधित जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध आधिकारिक सूचना पर ही निर्भर रहना होगा।
अब भर्ती प्रक्रिया का अगला महत्वपूर्ण चरण साक्षात्कार है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 से 30 अक्टूबर के बीच होने वाले साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से जारी निर्देशों का पालन करना होगा। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश के सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में प्राचार्यों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो जाएगा।