

BSP Candidate List UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने एक और उम्मीदवार का ऐलान किया है। पार्टी ने सुल्तानपुर विधानसभा सीट से इम्तियाज अहमद भुट्टो को प्रत्याशी घोषित किया है। बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर विधानसभा सीट-188 सुल्तानपुर से इम्तियाज अहमद को प्रत्याशी और प्रभारी बनाया गया है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने प्रदेश में पीडीए रथ निकालने का ऐलान किया है। बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पीडीए रथ को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पीडीए का अलग मतलब निकालते हुए कहा कि अखिलेश यादव के पीडीए का मतलब 'धोखा' है।
विश्वनाथ पाल ने सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि कि बाबा साहब के नाम पर बने 'भीम नगर' जिले का नाम बदलकर 'संभल' कर दिया गया। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि मायावती ने 2007 की तर्ज पर जनता का गठबंधन तैयार कर 2027 में भी अकेले ही चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
बता दें, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बसपा ने तीसरा प्रत्याशी घोषित किया है। इससे पहले बसपा ने जयसिंहपुर सदर से मधुबाला वर्मा और लंभुआ विधानसभा सीट से शैलेंद्र सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। विश्वनाथ पाल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर पार्टी ने यह फैसला लिया है। पार्टी कार्यकर्ता उनके फैसले के साथ हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की कार्यशैली का जिक्र करते हुए विश्वनाथ पाल ने कहा कि उनके लिए कोई भाई-भतीजा नहीं होता, बल्कि पार्टी का हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता बराबर होता है।उन्होंने बताया कि मायावती, किसी की गलती सामने आने पर कार्रवाई भी करती हैं और वापस भी करती हैं।
बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 2027 विधानसभा चुनाव में मायावती ने अकेले लड़ने का फैसला किया है और उनके इस फैसले पर पार्टी के लोग उनके साथ हैं।