

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बड़ा हादसा हो गया। शहर की जाकिर कॉलोनी में बारिश के कारण तीन मंजिला मकान गिर गया है। इसमें एक ही परिवार के 8 से 10 लोगों के दबे होने की खबर है। यहां एक 3 मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया है। आशंका है कि मलबे में कई लोग दबे हुए हैं।
हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि 3 मंजिला मकान जर्जर हालत में था। ऐसे में संभव है कि भारी बारिश के कारण मकान गिरा हो। मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में यह मकान गिरा है।
प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। मलबे में 8 से 10 लोग दबे फिलहाल वास्तविक संख्या क्या है, इसके बारे में कोई सटीक जानकारी नहीं है। मौके पर दमकल विभाग की टीम भी तैनात है।
परिवार डेयरी का व्यवसाय करता है। जिस जगह डेयरी है, उसके ग्राउंड फ्लोर पर भैंसे बंधी हुई हैं। मकान के अचानक ढहने से भैंसे भी मलबे में दब गई हैं। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान जारी है।
यह भी बताया जा रहा है कि मलबे से अब तक 2 लोगों को जिंदा बचाया गया है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में 8 से 10 जानवरों के भी दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य जारी है।
कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा मौके पर पहुंच गए हैं। इस पूरे मामले को लेकर एसएसपी मेरठ विपिन ताडा ने बताया, 3 मंजिला मकान ढह गया है। 8 से 10 लोगों के दबे होने की आशंका है। अब तक 2 लोगों को बचाया गया है।