'विपक्ष में बैठन के लिए खुद को तैयार कर रही है BJP...', अखिलेश यादव ने जमकर साधा निशाना; किया बड़ा दावा

Akhilesh Yadav Statement: इटावा पहुंचे अखिलेश यादव ने भाजपा की हार का दावा किया है। उन्होंने गाजीपुर हिंसा, जातीय जनगणना और सैफई कर्मचारियों के मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरने का काम किया।
akhilesh yadav etawah visit bjp criticism ghazipur incident caste census updates
अखिलेश यादव (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Akhilesh Yadav Target BJP: अखिलेश यादव गुरुवार को इटावा के चकरनगर में आयोजित 101 विष्णु यज्ञ कुंडी और श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम में शामिल हुए, यहां उन्होंने राष्ट्रीय और प्रदेश की राजनीति पर तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। इस दौरान उन्होंने बंगाल और तमिलनाडु के चुनावी रुझानों का हवाला देते हुए भारतीय जनता पार्टी की संभावित हार का दावा किया और कहा कि भाजपा अब विपक्ष में बैठने की तैयारी कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनावी माहौल साफ संकेत दे रहा है कि भाजपा को जनता नकार रही है। उनके मुताबिक, भाजपा को अपनी हार का आभास हो चुका है, इसलिए वह विपक्ष में बैठने के लिए खुद को तैयार कर रही है। उन्होंने इसे जनता के मूड का स्पष्ट संदेश बताया।

गाजीपुर घटना पर पुलिस-भाजपा पर आरोप

गाजीपुर में हुई घटना का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, तब भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस ने मिलकर उनका अपमान किया। उनका दावा था कि पहले से पत्थर इकट्ठा कर पथराव की साजिश रची गई लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

भू माफियाओं पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने इटावा के विकास को लेकर भी राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र को मुलायम सिंह यादव ने विकास कार्यों से संवारा, आज वहां भू-माफियाओं का कब्जा बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जंगल और नदियों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और सरकार इस पर आंखें मूंदे हुए है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सपा सरकार बनने पर ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जातीय जनगणना और आरक्षण पर जोर

सपा अध्यक्ष ने एक बार फिर जातीय जनगणना की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जब तक जातीय आंकड़े सामने नहीं आएंगे, तब तक वंचित वर्गों को उनका अधिकार नहीं मिल सकेगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह भीमराव अंबेडकर द्वारा दी गई आरक्षण व्यवस्था पर भरोसा नहीं करती। अखिलेश के अनुसार, सही नीतियों के जरिए ही सामाजिक न्याय सुनिश्चित किया जा सकता है।

महिला सुरक्षा और सैफई में कर्मचारियों का प्रदर्शन

महिला आरक्षण बिल को लेकर भी उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा और उत्तर प्रदेश को महिलाओं के लिए असुरक्षित बताया। साथ ही, सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के प्रदर्शन का मुद्दा भी सामने आया। दो महीने से वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने काम बंद कर धरना दिया। उनका आरोप है कि प्रशासन उन्हें प्रदर्शन न करने की धमकी दे रहा है। कर्मचारियों ने जल्द से जल्द बकाया वेतन जारी करने की मांग की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com