सुबह चाय देने गई बहू तो उड़ गए होश! चारपाई पर खून से लथपथ मिली BJP नेता की लाश

Uttar Pradesh के सहारनपुर जिले में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मामले पर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर सारे सबूत जुटा लिए, शुरूआती जांच के आधार पर गोली सिर के नजदीक से मारी गई।
saharanpur-bjp-leader-dharam-singh-kori-shot-dead-found-on-cot-in-nakur-police-investigation-starts
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

UP crime news: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां भाजपा के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। 65 वर्षीय भाजपा नेता धर्म सिंह कोरी का शव शनिवार सुबह उनके घर के पीछे बने घेर में एक चारपाई पर खून से लथपथ मिला। सुबह जब उनकी बहू रोज की तरह उन्हें चाय देने पहुंची, तो चारपाई पर ससुर की लाश देखकर उसकी चीख निकल पड़ी। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

यह वारदात सहारनपुर के थाना नकुड़ क्षेत्र के डिडौली गांव की है। बहू की चीख और रोने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। चारपाई पर धर्म सिंह का शव देखकर लोग हैरान रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर सबूत इकट्ठा कराए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि भाजपा नेता को सिर पर बेहद नजदीक से गोली मारी गई है।

रात 9 बजे तक सब ठीक था, फिर क्या हुआ?

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। मृतक भाजपा नेता के बेटे सुशील, जो खुद भी भाजपा में पदाधिकारी बताए जा रहे हैं, ने पुलिस को जानकारी दी। सुशील ने बताया कि रात करीब नौ बजे वह अपने पिता को चाय देकर सोने के लिए चले गए थे। उनके मुताबिक, धर्म सिंह की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। गांववालों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि धर्म सिंह बेहद शांत स्वभाव के और सबसे मिलजुलकर रहने वाले इंसान थे। इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

पुलिस ने कहा- जल्द खुलेगा यह 'ब्लाइंड मर्डर'

मिली जानकारी के अनुसार, धर्म सिंह कोरी साल 2014 में भाजपा में शामिल हुए थे। उनकी पत्नी की मौत करीब 15 साल पहले हो चुकी है। वह अपने पीछे तीन बेटे (सुनील, सुशील और अमित) और एक दिव्यांग बेटी (गुड़िया) छोड़ गए हैं। उनके बड़े पुत्र सुनील और दूसरे पुत्र अमित ने बैंक की फ्रेंचाइजी ले रखी है। उन्होंने एक साल पहले ही सात बीघा खेत भी खरीदा था। इस पूरे मामले पर सहारनपुर के एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि फिलहाल अज्ञात के खिलाफ तहरीर मिली है। उन्होंने कहा कि यह घटना रात में किसी समय हुई है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही इस ब्लाइंड मर्डर को खोल दिया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com