

SSC CGL 2025 Preference Form Last Date: कर्मचारी चयन आयोग ने संयुक्त उच्च माध्यमिक स्तर परीक्षा (सीजीएल) 2025 के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए विकल्प एवं पद वरीयता भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 25 जून रात 12 बजे तक अपनी पसंद के पद और विभाग का चयन कर सकेंगे। पहले इसके लिए अंतिम तिथि 22 जून निर्धारित की गई थी।
आयोग के इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा, जिन्होंने अभी तक अपनी वरीयताएं दर्ज नहीं की हैं या उनमें संशोधन करना चाहते हैं। कर्मचारी चयन आयोग ने स्पष्ट किया है कि विकल्प और वरीयता भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही 3522 पदों के लिए अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।
एसएससी सचिव के अनुसार, टियर-2 परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों को अपनी पद वरीयता और विभागीय विकल्प निर्धारित समय सीमा के भीतर भरना अनिवार्य है। आयोग ने चेतावनी दी है कि जो अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में अपनी वरीयता दर्ज नहीं करेंगे, उन्हें अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जारी अंतिम रिक्ति विवरण के अनुसार पहले विज्ञापित 3131 पदों की तुलना में अब कुल रिक्तियों की संख्या बढ़कर 3522 हो गई है। भर्ती प्रक्रिया में 391 अतिरिक्त पद जोड़े गए हैं।श्रेणीवार रिक्तियों की बात करें तो अनारक्षित वर्ग के लिए 1675, अनुसूचित जाति के लिए 490, अनुसूचित जनजाति के लिए 252, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 768 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 337 पद निर्धारित किए गए हैं।
विभागवार पदों में सबसे अधिक 392 रिक्तियां सीमा सड़क संगठन (BRO) में हैं। इसके अलावा आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय में 361, रक्षा लेखा महानियंत्रक कार्यालय में 321, इंटेलिजेंस ब्यूरो में 316, कैंटीन स्टोर्स विभाग में 295 तथा कंट्रोलर जनरल ऑफ अकाउंट्स में 233 पद उपलब्ध हैं।
कर्मचारी चयन आयोग की ओर से कहा गया है कि केवल वरीयता दर्ज करना पर्याप्त नहीं होगा। अभ्यर्थियों को विकल्प भरने के बाद सबमिट बटन दबाकर आवेदन को अंतिम रूप देना भी अनिवार्य होगा। आयोग ने दिव्यांग अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे केवल उन्हीं पदों का चयन करें जो उनकी दिव्यांगता श्रेणी के लिए उपयुक्त घोषित किए गए हैं।
सीजीएल-2025 की टियर-1 परीक्षा नवंबर 2025 में आयोजित की गई थी, जबकि उसका परिणाम 27 फरवरी को घोषित हुआ था। इसके आधार पर चयनित अभ्यर्थियों ने टियर-2 परीक्षा में हिस्सा लिया। अब पद वरीयता प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग 3522 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम जारी करेगा।