Prayagraj: मतदाता सूची में 50 हजार से अधिक विसंगतियों का दावा, सपा ने की संशोधन की मांग

Prayagraj Voter List: प्रयागराज में समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में 50 हजार से अधिक विसंगतियों का दावा किया है। जिसे लेकर सपा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा है।
SP Alleges Over 50,000 Errors In Voter List Prayagraj, Submits Memorandum
ज्ञापन सौंपते सपा कार्यकर्ता (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Samajwadi Party Statement On Prayagraj Voter List: प्रयागराज में विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने जिला प्रशासन के सामने बड़ा मुद्दा उठाया है। समाजवादी पार्टी नेताओं ने दावा किया है कि चुनाव आयोग के विशेष पुनरीक्षण अभियान के बाद प्रकाशित मतदाता सूची में जिले भर में 50 हजार से अधिक तार्किक विसंगतियां पाई गई हैं। इन त्रुटियों को तत्काल दूर कराने की मांग को लेकर सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए संशोधन करने की मांग की।

नामों की त्रुटियां, दोहराव और अन्य विसंगतियां

समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, गंगापार जिलाध्यक्ष अनिल यादव और यमुनापार अध्यक्ष पप्पू लाल के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने प्रशासन को मतदाता सूची की प्रतियां भी उपलब्ध कराईं। पार्टी नेताओं का कहना है कि जिले की सभी 12 विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का अवलोकन करने पर बड़ी संख्या में नामों की त्रुटियां, दोहराव और अन्य विसंगतियां सामने आई हैं, जिससे निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

मतदाताओं के नाम और पते के विवरण में त्रुटियां दर्ज

सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने व्यापक स्तर पर मतदाता सूची का परीक्षण किया है। इस दौरान हजारों ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें मतदाताओं के नाम, पते अथवा अन्य विवरणों में त्रुटियां दर्ज हैं। उन्होंने मांग की कि प्रशासन और निर्वाचन विभाग इन शिकायतों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करे, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का मतदान अधिकार प्रभावित न हो।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें महानगर महासचिव रविंद्र यादव, संगम लाल मौर्य, चौधरी देवीलाल यादव, सुमन कोल, विजय बागी, अर्जुन पटेल, सऊद अहमद, हेमंत कुमार, आर.एन. यादव और सचिन श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि मतदाता सूची की विसंगतियों को समय रहते दूर नहीं किया गया तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो सकते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com