हमसफर एक्सप्रेस में सैनिक की पत्नी से अश्लील हरकत का आरोप; विरोध करने पर दी धमकी, असिस्टेंट प्रोफेसर गिरफ्तार

Humsafar Express News: हमसफर एक्सप्रेस में सेनिक की पत्नी से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत के आरोप में एक असिस्टेंट प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया है। जीआरपी ने मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है।
Assistant Professor Arrested for Alleged Molestation of Army Jawan’s Wife on Humsafar Express
हमसफर एक्सप्रेस (सांकेतिक फोटो)
Updated on

Molestation In Humsafar Express: दिल्ली से प्रयागराज आ रही हमसफर एक्सप्रेस में सेना के एक जवान की पत्नी से कथित छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के आरोप में एक असिस्टेंट प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया है। घटना के दौरान महिला के पति ने विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।

हमसफर एक्सप्रेस के एसी-5 कोच से प्रयागराज लौट रहे थे दंपती

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सिहावल क्षेत्र निवासी सेना के जवान इन दिनों प्रयागराज में तैनात हैं। वह अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए दिल्ली गए थे। दोनों हमसफर एक्सप्रेस के एसी-5 कोच से प्रयागराज लौट रहे थे।

बताया गया कि उसी कोच में प्रयागराज के करेली स्थित जमीर नगर निवासी अब्बू दरदा पुत्र एहसान अहमद भी यात्रा कर रहा था। आरोप है कि सफर के दौरान वह कई बार जवान की पत्नी की सीट के पास आया और दो बार घूरकर देखा। रात करीब एक बजे ट्रेन टुंडला स्टेशन के पास पहुंची, तब अधिकांश यात्री सो चुके थे और कोच की लाइट भी बंद थी। इसी दौरान आरोपी महिला की सीट के पास पहुंचा और कथित रूप से अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ करने लगा।

आरोपी ने जवान को जान से मारने की दी धमकी

महिला के शोर मचाने पर कोच में मौजूद यात्री जाग गए। सेना के जवान ने आरोपी को पकड़ लिया और ट्रेन में मौजूद आरपीएफ जवानों के हवाले कर दिया। आरोप है कि पकड़े जाने के बाद भी आरोपी ने जवान को जान से मारने की धमकी दी। ट्रेन के टुंडला पहुंचने पर उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

हमसफर एक्सप्रेस के प्रयागराज पहुंचने पर सेना के जवान ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में घटना का क्षेत्र टुंडला होने के कारण मुकदमा वहीं स्थानांतरित कर दिया गया।

असिस्टेंट प्रोफेसर हैं आरोपी अब्बू दरदा

जीआरपी टुंडला के अनुसार, आरोपी अब्बू दरदा एक असिस्टेंट प्रोफेसर है और इन दिनों दिल्ली में रहकर मैटेरियल साइंस विषय में शोध कार्य कर रहा है। प्रयागराज में दर्ज एफआईआर के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय में पेश किए जाने पर उसे जमानत मिल गई।

रेलवे सुरक्षा को लेकर इस घटना ने एक बार फिर महिला यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि रात के समय लंबी दूरी की ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त किए जाने की आवश्यकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com