अखिलेश का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- नौकरियों में आरक्षण की लूट, पेपर लीक ने युवाओं का भविष्य बर्बाद किया

Akhilesh Yadav Prayagraj: प्रयागराज पहुंचे अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर रोजगार, आरक्षण घोटाले, पेपर लीक, भ्रष्टाचार व कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा हमला बोला और भर्ती युवाओं को राहत देने का वादा किया।
Akhilesh Yadav Targets BJP in Prayagraj, Alleges Reservation Scam, Paper Leaks and Corruption Ruined Youth Future
अखिलेश यादव सोर्स-(फोटो नवभारत)
Updated on

Akhilesh Yadav Statement In Prayagraj: दो दिवसीय दौरे पर प्रयागराज आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रयागराज में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर रोजगार, आरक्षण, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने नौकरियों में संगठित तरीके से आरक्षण घोटाला किया है और युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया है।

22 भर्तियों में आरक्षण घोटाले का आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत 22 भर्ती परीक्षाओं में ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग को संविधान के अनुरूप आरक्षण नहीं दिया गया। समाजवादी पार्टी ने "पीडीए आरक्षण घोटाला बुकलेट" जारी कर पूरी जानकारी सार्वजनिक की, लेकिन सरकार कोई जवाब नहीं दे सकी।

पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दरोगा भर्ती, यूपीटीईटी, आरओ-एआरओ, सिपाही भर्ती, यूजीसी-नेट, लेखपाल भर्ती समेत कई परीक्षाओं के पेपर लीक हुए। सपा सरकार बनने पर भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाएगा और पेपर लीक से प्रभावित अभ्यर्थियों को तीन वर्ष की अतिरिक्त आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया में बड़े वादे

अखिलेश यादव ने कहा कि परीक्षा केंद्र अभ्यर्थियों के जिले या नजदीकी जिले में दिए जाएंगे। महिलाओं और दिव्यांग अभ्यर्थियों को गृह जनपद में प्राथमिकता मिलेगी। पूरी परीक्षा प्रक्रिया सीसीटीवी और डिजिटल ट्रैकिंग से होगी तथा पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में कार्रवाई कराई जाएगी।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी और कोचिंग अग्निकांड पर सरकार घिरी

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी को आस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं लखनऊ कोचिंग अग्निकांड का जिक्र करते हुए कहा कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन होता तो मासूम बच्चों की जान नहीं जाती।

कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर निशाना

सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, कानून व्यवस्था ध्वस्त है और थाना-तहसील से लेकर हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक हितों के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है तथा फर्जी एनकाउंटरों पर भी गंभीर सवाल उठे हैं।

वर्तमान सियासत को लेकर रेवती रमण से 45 मुलाकात

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अशोक नगर स्थित पूर्व राज्यसभा सदस्य रेवती रमण सिंह के आवास पर पहुंचे। रेवती रमण सिंह का हालचाल लिया। इसके बाद उनके साथ सांसद उज्ज्वल रमण सिंह से उन्होंने करीब 45 मिनट तक वार्ता की। वर्तमान समय में चल रही राजनीति के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर बातचीत करते हुए कहा कि इस घटना से प्रभु श्रीराम के भक्त काफी दुखी हैं। इस दौरान सपा प्रदेश सचिव विनय कुशवाहा सहित कई समाजवादी नेता मौजूद रहे।

पीडीए के साथ बनेगी सरकार

अखिलेश यादव ने दावा किया कि पीडीए समाज समाजवादी पार्टी के साथ है और आगामी चुनाव में सामाजिक न्याय की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है, जबकि इंडिया गठबंधन लगातार मजबूत हो रहा है और आगे भी इसे और सशक्त बनाया जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com